डिंडोरी में रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर चढ़ा युवक।   

डिंडोरी जिला मुख्यालय के रानी अवंती बाई चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर चढ़ गया। प्रतिमा तक बिना सीढ़ियों के पहुंचना मुश्किल नजर आने के बावजूद युवक के ऊपर पहुंचने से मौके पर मौजूद लोगों के बीच सवाल उठने लगे। घटना के दौरान चौराहे पर भारी भीड़ जमा हो गई और कई लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते दिखाई दिए।

जानकारी के अनुसार, प्रतिमा के ऊपर पहुंचने के बाद युवक ने वहां स्थापित वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा के हाथ से तलवार निकाल ली। वायरल वीडियो में युवक तलवार को अपने पेट में घुसाने जैसी हरकत करता नजर आ रहा है। इस घटनाक्रम को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। युवक को प्रतिमा से नीचे उतारने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस युवक को नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद पुलिस ने उसे समझाइश दी और डिंडोरी कोतवाली लेकर गई।

इस घटना के बाद सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरुषों और वीरांगनाओं की प्रतिमाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारी आवाजाही वाले चौराहे पर युवक प्रतिमा के ऊपर कैसे पहुंच गया। युवक के प्रतिमा पर चढ़ने के दौरान उसे रोकने के लिए समय रहते प्रयास क्यों नहीं किए गए, यह भी जांच का विषय है।

वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का नाम सम्मान और साहस का प्रतीक है। ऐसे में उनकी प्रतिमा पर इस तरह की घटना सामने आने के बाद सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

फिलहाल, पुलिस युवक को डिंडोरी कोतवाली ले गई है। घटना के पीछे उसकी मंशा क्या थी और वह प्रतिमा के ऊपर कैसे पहुंचा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के मद्देनजर सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित प्रतिमाओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ ही जिम्मेदारों की भूमिका की पड़ताल भी महत्वपूर्ण होगी।