श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर कोटा में सजेगा कथक-हवेली संगीत का रंगमंच, 6 सितंबर को समारोह
कोटा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर 6 सितंबर को ‘श्री वल्लभम् कथक समारोह’ होगा। कथक नृत्य में श्रीकृष्ण की लीलाएं साकार होंगी, जबकि हवेली संगीतज्ञ भुवनेश कुमार शर्मा ‘श्याम जी शास्त्री’ का गायन विशेष आकर्षण रहेगा।
तस्वीर में रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला (मध्य में) अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ कोटा में 'श्री वल्लभम् कथक समारोह' के पोस्टर का विमोचन करते हुए नजर आ रहे हैं।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर कोटा में भारतीय कला, संस्कृति, कथक और हवेली संगीत का संगम देखने को मिलेगा। मुखिया मदनलाल जोशी स्मृति संस्थान की ओर से 6 सितंबर को ‘श्री वल्लभम् कथक समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। समारोह सायं 4.30 बजे से कैरियर पॉइंट ऑडिटोरियम, न्यू कोटा स्टेशन रोड, नंबर-1 में होगा।
संस्थान के अध्यक्ष दामोदर शांडिल्य ने बताया कि समारोह के पोस्टर का विमोचन रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला ने किया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि भारतीय कला और संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ प्रतिभावान कलाकारों को अपनी कला के प्रदर्शन का मंच भी प्रदान करते हैं।
संयोजिका बरखा जोशी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। श्री बड़े महाप्रभुजी मंदिर के श्री श्री 108 गोस्वामी विनय कुमार जी महाराज के आशीर्वचन तथा श्री श्री 108 गोस्वामी शरद कुमार जी महाराज की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होगा।
स्वर्गीय हवेली संगीत मर्मज्ञ मुखिया मदनलाल जोशी की पुण्य स्मृति में होने वाले समारोह में उनकी सुपौत्री, कथक गुरु एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कलाकार बरखा जोशी के शिष्य भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को कथक नृत्य के माध्यम से साकार करेंगे। लीलापुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित ये कथक प्रस्तुतियां कला एवं संस्कृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समारोह में ख्यातनाम हवेली संगीतज्ञ भुवनेश कुमार शर्मा ‘श्याम जी शास्त्री’ का गायन भी विशेष आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही ख्यातनाम कलावंतों एवं कला के प्रति समर्पित कलाकारों का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, कैरियर पॉइंट के निदेशक प्रो. ओम माहेश्वरी, नई दिल्ली के कथक गुरु पंडित राजेंद्र गंगानी सहित शहर के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे। समारोह के माध्यम से कथक और हवेली संगीत के जरिए श्रीकृष्ण की मनोहारी लीलाओं को मंच पर जीवंत किया जाएगा।