कृष्ण जन्मोत्सव पर हाड़ौती अहीर यादव समाज की भव्य शोभायात्रा 5 सितंबर को
कोटा में हाड़ौती अहीर यादव समाज 5 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकालेगा। एक दर्जन से अधिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जबकि इससे पहले भजन संध्या में रूपेश शरण महाराज भजनों की रसधार बहाएंगे।
कोटा। हाड़ौती अहीर समाज की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव के पावन अवसर पर 5 सितंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। यह जानकारी अहीर कोटा संभाग के अध्यक्ष लालचंद यादव एवं कोटा जिलाध्यक्ष अशोक कुमार यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा महावीर नगर तृतीय स्थित दण्डवीर हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर मीरा मार्केट और संतोषी नगर होते हुए श्रीकृष्ण यादव भवन, श्रीनाथपुरम डी-3,4 पहुंचेगी। यहां भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती और आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा का समापन होगा।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, माखन चोरी और रासलीला पर आधारित मनमोहक सजीव झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। बैण्डबाजों के साथ निकलने वाली शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में समाज की महिलाएं, पुरुष, युवा और वृद्धजन शामिल होंगे। जगह-जगह समाजबंधुओं की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा।
शोभायात्रा के संयोजक अशोक यादव ने बताया कि विशाल आयोजन में सामाजिक एवं धार्मिक सरोकारों से सुसज्जित एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। ये झांकियां भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन के साथ-साथ समाज में सामाजिक एकता, सेवा और सद्भाव का संदेश देंगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।
महासचिव खेमराज यादव ने बताया कि यह उनका प्रथम प्रयास है। आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना तथा समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करना है।
महिला प्रकोष्ठ की मंजू यादव ने बताया कि 5 सितंबर को महिला मंडल की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कृष्ण बनो और कृष्ण झांकी सजाओ सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
शोभायात्रा से पूर्व आज भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। लालचंद यादव एवं अशोक कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार रात 7.30 बजे से होने वाली भजन संध्या में वृंदावन वाले रूपेश शरण महाराज भजनों की रसधार बहाएंगे। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी भी सजाई जाएगी।
इस अवसर पर कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष परसराम यादव, महामंत्री खेमराज यादव, कोषाध्यक्ष गोकुल प्रसाद यादवेन्द्र, महिला प्रकोष्ठ की मंजू यादव, पूजा यादव, गायत्री यादव, विभा यादव, पूर्व सलाहकार रामपाल यादव, ब्रजमोहन यादव, शिवप्रकाश यादव, रामधन, प्रेमबिहारी, बालमुकुन्द, निर्भयशंकर, दिनेश, रामगोपाल, रासबिहारी, देवकीनंदन, मुकेश यादव, हर्षवर्धन सहित अन्य वरिष्ठजन उपस्थित रहे।