कोटा नगर निगम चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 100 वार्डों की सूची, युवाओं और नए चेहरों पर दांव
कोटा नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस ने 100 वार्डों की प्रत्याशी सूची जारी की। राखी गौतम ने युवाओं, महिलाओं और नए चेहरों को प्राथमिकता देने की बात कही। पार्टी ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का दावा किया है।
तस्वीर में कोटा नगर निगम चुनाव के संदर्भ में कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी नजर आ रहे हैं।
कोटा नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस ने 100 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद प्रत्याशियों का चयन किया गया है।
राखी गौतम ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं, महिलाओं तथा नए चेहरों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कांग्रेस ने अनुभवी नेतृत्व और युवा जोश के समन्वय को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रत्याशियों का चयन किया है, जो अपने-अपने वार्ड में जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा और विकास की सोच को आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने कहा, “हमने जिताऊ, टिकाऊ और युवाओं को मौका दिया है। कांग्रेस के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ अपना नामांकन दाखिल किया है। पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ नगर निगम चुनाव लड़ेगी।”
गौतम ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नीतिगत निर्णय के तहत कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के जिला अध्यक्षों को नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाया गया है। पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाने के उद्देश्य से इन पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अग्रिम संगठनों के जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क, कार्यकर्ता समन्वय और चुनाव प्रचार को मजबूत करने का कार्य करेंगे। पार्टी का उद्देश्य सभी संगठनों और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस को मजबूत स्थिति में पहुंचाना है।
राखी गौतम ने कहा कि कोटा की जनता भाजपा के शासन से त्रस्त हो चुकी है और अब शहर में बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कोटा की जनता कांग्रेस के विकास मॉडल पर भरोसा जताएगी और नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड निश्चित रूप से बनेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बोर्ड बनने पर शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी ने बताया कि जिलाध्यक्ष राखी गौतम के निर्देशानुसार वार्डवार स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव अभियान मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को प्रत्येक वार्ड में सक्रिय होकर घर-घर जनसंपर्क करने, कांग्रेस की नीतियों और विकास की सोच को जनता तक पहुंचाने तथा प्रत्याशियों को मजबूती से चुनाव मैदान में उतारने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. सोनी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ प्रत्येक वार्ड में जनता के बीच पहुंचेंगे और कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेंगे। संगठन के सभी अग्रिम संगठनों और स्थानीय कार्यकर्ताओं को भी चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा और जनता के सहयोग से कोटा नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगा। आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की 100 वार्डों की प्रत्याशी सूची के साथ संगठन ने चुनावी अभियान को मजबूती देने की दिशा में अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है।