सरकारी स्कूलों की बदहाली पर मनोज दुबे का हमला, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से इस्तीफे की मांग
राजस्थान के सरकारी स्कूलों की बदहाली पर कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग की।
तस्वीर में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने राजस्थान में सरकारी स्कूलों की बदहाली को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की बर्खास्तगी की मांग की।
मनोज दुबे ने कहा कि जयपुर स्थित रामपुर कंवरपुरा के प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने जा रहे सीजेपी के लोगों पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इशारे पर हुआ जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान की भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था, जर्जर स्कूल, शिक्षकों की कमी और बदहाल शिक्षा व्यवस्थाएं शिक्षा मंत्री की घोर विफलताएं हैं, जो राजस्थान में शिक्षा को बर्बाद कर रही हैं।
मनोज दुबे ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और शिक्षा मंत्री की नीतियां शिक्षा एवं छात्रों दोनों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षा मंत्री का पद पर बने रहना प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। झालावाड़ की दर्दनाक घटना के बाद भी न तो शिक्षा व्यवस्था में कोई सुधार हुआ और न ही शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का इस्तीफा हुआ।
मनोज दुबे ने कहा कि राजस्थान के जयपुर में भैंस के तबेले में सरकारी स्कूल चल रहा है। राजस्थान की बदहाल शिक्षा व्यवस्था में सरकारी स्कूलों के हालात बेहद खराब हैं। सरकारी स्कूल में भूसा भरा हुआ है और टीन शेड टूटे पड़े हैं, जो बच्चों के ऊपर कभी भी हवा के झोंके में गिर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राजस्थान के सरकारी स्कूलों की हालत बद से बदतर करके रख दी है। प्रदेश के अधिकांश सरकारी स्कूल जर्जर हालत में हैं। ऐसे खतरनाक हालात में अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चे कैसे पढ़ेंगे, यह सवाल सरकारी स्कूलों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को सामने रखता है।