तस्वीर में कोटा में आयोजित बिजनेस मेगा इवेंट के दौरान एक मंच पर एकत्र हुए 250 से अधिक उद्यमी और व्यवसायी नजर आ रहे हैं।

कोटा में औद्योगिक एवं व्यापारिक जगत को एक मंच पर लाने की दिशा में एसएसआई एसोसिएशन कोटा एवं रोटरी मींस बिजनेस (आरएमबी) कोटा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “कोटा बिगेस्ट बिजनेस मेगा इवेंट–बिजनेस कॉन्क्लेव” सफल रहा। 22 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में 250 से अधिक उद्यमियों एवं व्यवसायियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे के व्यवसाय, उत्पादों एवं सेवाओं को समझते हुए व्यापारिक संभावनाओं का आदान-प्रदान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कोटा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर बिजनेस नेटवर्किंग, बीटूबी अवसरों एवं आपसी व्यापार को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों को अपने व्यवसाय प्रस्तुत करने का अवसर मिला। नेटवर्किंग के माध्यम से कई उद्यमियों ने मौके पर ही नए व्यापारिक संपर्क स्थापित किए और संभावित व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में बिजनेस इनसाइट्स सत्र, बिजनेस प्रेजेंटेशन, वन-टू-वन नेटवर्किंग एवं ओपन बिजनेस एक्सचेंज जैसी गतिविधियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन सत्रों ने प्रतिभागियों को व्यवसाय विस्तार, नए बाजारों की संभावनाओं और बेहतर बिजनेस नेटवर्किंग के लिए प्रेरित किया। कई प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अपने व्यवसाय के लिए प्रेरणादायक एवं ग्रोथ-ओरिएंटेड अनुभव बताया।

एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता एवं सचिव समीर सूद ने कहा कि यह आयोजन कोटा की बिजनेस कम्युनिटी को एक साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्यमियों को एक-दूसरे से जोड़कर लोकल बिजनेस को बढ़ावा देना और व्यापारिक अवसरों को कोटा में ही विकसित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

एसएसआई एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने कहा कि कार्यक्रम में हुई व्यापारिक बातचीत से स्पष्ट हुआ कि कोटा के उद्यमियों में आपसी सहयोग और व्यापार विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच उद्यमियों को नए संपर्क बनाने और अपने व्यवसाय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के चीफ गेस्ट एवं एसएसआई के पास्ट प्रेसिडेंट अमित सिंगल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उद्यमियों के बीच मजबूत नेटवर्किंग आज के समय में व्यवसाय की सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को लगातार आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

आरएमबी कोटा के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल एवं सचिव दीपक भार्गव ने कहा कि एसएसआई और आरएमबी का यह संयुक्त प्रयास बिजनेस नेटवर्किंग को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस पहल को और बड़े स्तर पर ले जाया जाएगा।

प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि एसएसआई एसोसिएशन एवं आरएमबी कोटा आने वाले समय में इस बिजनेस नेटवर्किंग प्लेटफार्म को और विस्तृत रूप देने की योजना बना रहे हैं। आगामी आयोजनों में राजस्थान की अन्य औद्योगिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के साथ-साथ कोटा की विभिन्न बिजनेस एसोसिएशन को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उद्यमियों के लिए नेटवर्किंग का एक बड़ा और प्रभावी मंच तैयार किया जा सके।

Tags: