तस्वीर में पोलाई कला के गोकुलम फार्म हाउस में पारंपरिक गुलाबी लहरिया परिधानों में सजी महिलाएं सामूहिक रूप से नजर आ रही हैं।

अग्रवाल वैष्णव मोमीयान पंचायत महिला मंडल की ओर से गोकुलम फार्म हाउस, पोलाई कला में लहरिया महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सावन की रंग-बिरंगी छटा के बीच आयोजित समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक लहरिया परिधान पहनकर भाग लिया।

संस्था की अध्यक्ष शिखा मित्तल एवं सचिव सुनीता गोयल ने बताया कि सभी महिलाएं आकर्षक लहरिया परिधानों में कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान सावन के मधुर गीतों पर महिलाओं ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर संरक्षिका सावित्री ने कहा कि लहरिया महोत्सव हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी प्रेम-सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का अवसर प्रदान करते हैं।

सचिव सुनीता गोयल ने बताया कि महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से सावन महोत्सव का आनंद लिया और आयोजन को यादगार बनाया। लहरिया महोत्सव के माध्यम से महिलाओं ने सांस्कृतिक परंपराओं, आपसी प्रेम-सौहार्द और सामूहिक उत्सव की भावना को जीवंत किया।

Tags: