रोटरी क्लब पद्मिनी के सेवा प्रकल्प में वार्ड 81 के कर्मियों को माला व सामग्री देकर सम्मानित किया गया। 

कोटा में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और उनके कार्य को सुगम बनाने की दिशा में रोटरी क्लब पद्मिनी ने सेवा की पहल की। क्लब की ओर से नगर निगम के वार्ड 81 में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित कर सफाई कर्मियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। साथ ही उनके काम को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक उपकरण एवं सामग्री वितरित की गई।

क्लब अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि मासिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता प्रकल्प के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम और समर्पण को सम्मान देना है।

सचिव दीप्ति राजावत ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों को 30 झाड़ू, 20 जैकेट, 24 जोड़ी दस्ताने, 4 फावड़े, 2 गैंती, 2 सांबल, 3 पंजे और 2 छोटी फावड़ियां भेंट की गईं। इन संसाधनों के माध्यम से सफाई कर्मियों को उनके दैनिक कार्य में सहयोग देने का प्रयास किया गया।

इस सेवा प्रकल्प में प्रीति आनंद, नीता मित्तल, खुशबू गुप्ता, सुनीता पांड्या, कामना विजय, शम्मी आनंद एवं शुभा गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। प्रकल्प की परिकल्पना, योजना, समन्वय और आवश्यक सामग्री जुटाने में शुभा गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मंजू यादव सहित प्रोजेक्ट टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

अंत में क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीप्ति राजावत एवं सचिव रोटेरियन डॉ. प्रीति शर्मा ने सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें कार्योपयोगी संसाधन उपलब्ध कराने की यह पहल उनके श्रम के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को दर्शाती है।

Tags: