कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 को सफल बनाने के लिए शनिवार को टूर ऑपरेटरों की बैठक में प्रचार किया गया। 

कोटा में हाड़ोती के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की मुहिम अब और तेज होगी। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की ओर से 11 से 13 जनवरी को आयोजित होने वाले कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 को सफल बनाने के लिए शहर के सभी टूर ऑपरेटर एकजुट होकर भागीदारी निभाएंगे। आयोजन में देशभर के प्रतिष्ठित टूर ऑपरेटरों के साथ वेडिंग प्लानर्स, पर्यटन क्षेत्र के इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स को भी आमंत्रित किया जाएगा।

इस संबंध में शनिवार को कोटा के टूर ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के उन सभी टूर ऑपरेटरों को आमंत्रित किया गया, जो कोटा के पर्यटन विकास में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की।

अशोक माहेश्वरी ने कहा कि कोटा के टूर ऑपरेटर पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। वे कोटा के लोगों को देश-विदेश की पर्यटन यात्राएं करवाने के साथ ही कोटा आने वाले पर्यटकों को हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराते हैं। साथ ही उनके लिए यात्रा कार्यक्रम (इटिनरेरी) तैयार कर विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करवाते हैं।

उन्होंने कहा कि हाड़ोती के पर्यटन विकास और प्रचार-प्रसार के लिए चलाए जा रहे अभियान को गति देने में सभी टूर ऑपरेटरों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सभी टूर ऑपरेटर देशभर के पर्यटन व्यवसायियों के संपर्क में हैं। ऐसे में 11 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 के लिए वे अपने व्यावसायिक संपर्कों के माध्यम से देशभर के प्रतिष्ठित और अनुभवी टूर ऑपरेटरों को कोटा आमंत्रित करें। इससे हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में मौजूद टूर ऑपरेटर संदीप कोठारी, जितेश कंजोलिया, आलोक सेठी, वीरेंद्र विजय और निमेष पाराशर ने बताया कि उनके माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी अपनी वेबसाइटों पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध करवाई जा रही है। हाड़ोती के विभिन्न पर्यटन स्थलों को शामिल करते हुए पिछले ट्रैवल मार्ट में भी इटिनरेरी तैयार किए गए थे। इन यात्रा कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों पर्यटकों को हाड़ोती का भ्रमण करवाया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि वे राजस्थान सहित देशभर में पर्यटकों को भेजने वाले टूर ऑपरेटरों के लगातार संपर्क में हैं। पिछले ट्रैवल मार्ट में आमंत्रित किए गए कई टूर ऑपरेटर आज भी हाड़ोती में पर्यटकों के समूह भेज रहे हैं। यह पिछले आयोजन की सफलता और उसकी सार्थकता को दर्शाता है।

टूर ऑपरेटरों ने कहा कि किसी भी शहर में ट्रैवल मार्ट का आयोजन वहां पर्यटन की व्यापक संभावनाओं और पर्यटन स्थलों की समृद्धता को प्रदर्शित करता है। कोटा में लगातार दूसरे ट्रैवल मार्ट का आयोजन हाड़ोती के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने तथा पर्यटन व्यवसाय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 के माध्यम से देशभर के प्रतिष्ठित टूर ऑपरेटरों, वेडिंग प्लानर्स, पर्यटन क्षेत्र के इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स को कोटा आमंत्रित किया जाएगा। इसके जरिए हाड़ोती के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक पर्यटन का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। सभी टूर ऑपरेटरों की सहभागिता से इस आयोजन के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयां देने का लक्ष्य रखा गया है।

Tags: