कोटा में गीता परिवार का संस्कारिता आयोजन, चार दशक पूरे होने पर जुटेंगे साधक
| चार दशक पूरे होने पर कोटा के जेके पेवेलियन में सबसे बड़ा आयोजन होगा, जिसमें 10 हजार से अधिक साधकों, स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
गीता परिवार के 40 वर्ष पूरे होने पर कोटा में संस्कारिता महाकुंभ 29 नवंबर को होगा, 10 हजार साधक जुटेंगे।
गीता परिवार की स्थापना के चार दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में शैक्षणिक नगरी कोटा में रविवार, 29 नवम्बर को संस्कारों का महाकुंभ आयोजित होगा। गीता परिवार के चतुर्दशकपूर्ति समारोह के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम को ‘संस्कारिता’ नाम दिया गया है। जेके पेवेलियन में सुबह 7 से 10 बजे तक होने वाले इस आयोजन में 10 हजार से अधिक साधकों के जुटने की संभावना है।
गीता परिवार के पश्चिमांचल प्रभारी डॉ. गोविन्द माहेश्वरी ने बताया कि गीता परिवार की स्थापना के चार दशक पूर्ण होने पर देशभर में चतुर्दशकपूर्ति समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कोटा में होने वाले इस आयोजन का नाम संस्कारिता रखा गया है, क्योंकि गीता परिवार संस्कारों के संवहन में सहभागी रहा है। यह गीता परिवार का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा।
कार्यक्रम का आयोजन भारत विकास परिषद एवं प्राइवेट स्कूल्स वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें लगभग 10 हजार से अधिक साधक भाग लेंगे।
गीता परिवार कोटा की अध्यक्ष डॉ. सारिका मोहता ने बताया कि आयोजन में गीता परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज का सान्निध्य प्राप्त होगा। इसके साथ ही ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा एवं पंचायतराज मंत्री मदन दिलावर, कोटा क्षेत्र की विधानसभाओं के विधायक, जनप्रतिनिधि तथा विशिष्टजन भी शामिल होंगे।
गीता परिवार की स्थापना के चार दशक पूरे होने पर आयोजित यह संस्कार महाकुंभ कोटा में रविवार सुबह हजारों साधकों की सहभागिता के साथ संपन्न होगा।