कोटा में श्री हनुमान कथा शुरू, गोविन्ददेव गिरी जी ने बताए जीवन के गुण
| छप्पन भोग परिसर में कथा के पहले दिन मातृशक्ति, साधना और विनम्रता पर चर्चा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
कोटा में श्री हनुमान कथा के शुभारंभ पर स्वामी गोविन्ददेव गिरी महाराज का स्वागत करते आयोजक व श्रद्धालु।
कोटा, 27 नवंबर। हनुमानजी का चरित्र शक्ति, बुद्धि, विवेक, विनम्रता और समर्पण का ऐसा अद्भुत संगम है, जो प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में श्रेष्ठ गुण अपनाने की प्रेरणा देता है। नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ और प्रभु का स्मरण करने से आत्मबल बढ़ता है तथा जीवन में सकारात्मकता आती है। यह बात श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या के महासचिव एवं प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी गोविन्ददेव गिरी जी महाराज ने शुक्रवार को कोटा में कही।
खुवाल परिवार की ओर से छप्पन भोग परिसर में आयोजित तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन स्वामी गोविन्ददेव गिरी जी महाराज ने हनुमान जन्मोत्सव, इंद्र के वज्र प्रहार, देवताओं के वरदान, नामकरण, विद्याध्ययन और भगवान श्रीराम से हनुमानजी की भेंट तक के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हनुमानजी का जीवन शक्ति, बुद्धिमत्ता, विनम्रता और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर भगवान का स्मरण करना चाहिए। प्रभु स्मरण से व्यक्ति के भीतर सकारात्मकता का संचार होता है और आत्मबल में अभिवृद्धि होती है।
महाराज ने मातृशक्ति की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का स्थान सर्वोपरि है। मां केवल संतान को जन्म देने वाली नहीं, बल्कि उसके व्यक्तित्व, विचारों और संस्कारों की पहली शिल्पकार होती है। संतान को संस्कारवान बनाने में गर्भ संस्कार की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। गर्भावस्था के दौरान माता द्वारा आध्यात्मिक कथाओं का श्रवण, धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन, सकारात्मक विचार और सात्विक वातावरण भावी संतान के संस्कार निर्माण में सहायक होते हैं। उन्होंने चाणक्य और छत्रपति शिवाजी जैसे महान व्यक्तित्वों का उदाहरण देकर मातृसंस्कारों की महत्ता समझाई।
हनुमानजी के जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए स्वामी जी ने बताया कि माता अंजना शक्तिशाली पुत्र चाहती थीं, जबकि पिता केसरी की इच्छा थी कि उनका पुत्र महान ज्ञानी बने। इसके लिए दोनों ने अलग-अलग साधनाएं कीं। महाराज ने कहा कि जीवन में जिस उद्देश्य को प्राप्त करना हो, उसके अनुरूप साधना और संकल्प भी होना चाहिए। हनुमानजी के चरित्र में अतुलनीय शक्ति के साथ प्रखर बुद्धिमत्ता और विवेक का समन्वय दिखाई देता है। यही गुण उन्हें अद्वितीय बनाते हैं।
साधना में स्थान के महत्व को समझाते हुए महाराज ने कहा कि एक माला मंत्र जाप घर में करने पर एक गुना फल मिलता है। वही जाप गौशाला में करने पर दस गुना, गंगा तट या शिव मंदिर में करने पर सौ गुना और गुरुदेव के सान्निध्य में करने पर अनंत गुना फल प्रदान करता है। उन्होंने तिरुमला स्थित वेंकटाद्रि पर्वत और बालाजी महाराज के धाम का उल्लेख करते हुए तीर्थस्थलों पर साधना के विशेष महत्व को बताया।
पुंजिकस्थला के प्रसंग के माध्यम से स्वामी जी ने रूप के अभिमान से दूर रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने धन, ज्ञान, रूप और पद का अभिमान हो जाता है, लेकिन अहंकार उसे मर्यादा से दूर कर देता है। तपस्वी मुनि का उपहास करने पर पुंजिकस्थला को वानरी रूप में जन्म लेने का श्राप मिला था। इस प्रसंग से यह संदेश मिलता है कि किसी के तप, ज्ञान और साधना का उपहास नहीं करना चाहिए। विनम्रता ही व्यक्ति का वास्तविक आभूषण है।
रामायण के वानर प्रसंग की व्याख्या करते हुए स्वामी गोविन्ददेव गिरी जी महाराज ने वानर और सामान्य बंदर के बीच अंतर भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि वानर और सामान्य बंदर को एक जैसा नहीं समझना चाहिए। वानर एक विशिष्ट प्रजाति थी, जिसमें मानवोचित गुण भी मौजूद थे। उनकी अपनी भाषा, व्याकरण, शिष्टाचार और घर बनाने की कला थी। बाली के अंतिम संस्कार और सुग्रीव के राज्याभिषेक में वैदिक मंत्रों के उल्लेख के माध्यम से उन्होंने बताया कि वानर समाज में भी सामाजिक और धार्मिक परंपराएं प्रचलित थीं।
महाराज ने कहा कि जीवन में जब भी सद्ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिले, उसे व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। श्रेष्ठ शिक्षा, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और जीवनोपयोगी ज्ञान प्रदान करने वाले व्यक्ति के सान्निध्य में रहकर अधिकाधिक ज्ञान अर्जित करना ही वास्तविक बुद्धिमत्ता है।
इससे पहले कथा के शुभारंभ पर खुवाल परिवार के प्रताप नगर दादाबाड़ी स्थित निवास से छप्पन भोग परिसर तक भव्य कलश यात्रा और शोभायात्रा निकाली गई। बग्गी में विराजमान स्वामी गोविन्ददेव गिरी जी महाराज की अगवानी परिवार की महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर की। परिवार के पुरुष सदस्य सिर पर रामायण धारण कर पैदल शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा में शामिल भजन मंडलियों ने 'राम आएंगे', 'ईश्वर सत्य है, सत्य ही शिव है', 'है दुख भंजन मारुति नंदन' और 'मेरे घर राम आए हैं' जैसे भजनों की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने भजनों पर नृत्य किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संतश्री का स्वागत और अभिनंदन किया।
शोभायात्रा के दौरान नगर निगम महापौर अनुसूईया गोस्वामी भी उपस्थित रहीं। लोकसभा अध्यक्ष के निवास पर भी शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय पार्षद सीमा चौधरी और पूर्व पार्षद धीरेन्द्र चौधरी ने पुष्पवर्षा कर संतश्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन राजेश बिरला, कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेन्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी, डॉ. सीबी दास गुप्ता, भगवान दास खुवाल, गोविन्द दास खुवाल, डॉ. एकात्म गुप्ता, क्षितिज खुवाल, एडवोकेट गोपाल जैन और वैश्य समाज के जिला महामंत्री भुवनेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कथा संयोजक गोरधनदास खुवाल ने बताया कि श्री हनुमान कथा के दूसरे दिन शनिवार को दोपहर 1.30 से शाम 5.30 बजे तक कथा का आयोजन होगा।