कोटा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन, बोर्ड बनाने का दावा
कोटा नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन हुआ। पुष्पेंद्र भारद्वाज और राखी गौतम ने बोर्ड बनने का दावा किया।
गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में नगर निगम चुनाव के दावेदारों से आवेदन स्वीकार करते पीसीसी प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज व अन्य वरिष्ठ नेता।
कोटा, 26 अगस्त 2026। नगर निगम चुनाव से पहले कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय बुधवार को दावेदारों और समर्थकों की भारी भीड़ से गूंज उठा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के महासचिव एवं कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर निगम चुनाव के दावेदारों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन करते हुए पुष्पेंद्र भारद्वाज के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी सीताराम नैनीवाल, संगठन महामंत्री हेमराज गौतम, कांग्रेस कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी, उपाध्यक्ष श्याम गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष नेवालाल गुर्जर एवं ब्लॉक अध्यक्ष ललित शर्मा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीसीसी महासचिव एवं कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों के शक्ति प्रदर्शन और कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहा उत्साह नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जबरदस्त जोश को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंच रहे हैं। भारद्वाज ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। आने वाले नगर निगम चुनाव में कोटा में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।
भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पैनल कमेटी एवं वरिष्ठ नेताओं की सहमति से जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों का चयन कर पीसीसी को प्रस्ताव भेजेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रत्याशी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से मेहनत करेंगे।
शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का हुजूम उमड़ रहा है और आमजन की भागीदारी दिखाई दे रही है, उससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार के प्रति जनता का रुख बदल रहा है। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर के बाद कोटा में कांग्रेस का बोर्ड बनना निश्चित है। उन्होंने बताया कि पैनल कमेटी एवं स्थानीय वरिष्ठ नेताओं की सहमति से प्रत्याशियों के चयन संबंधी निर्णय लिया जाएगा।
कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र प्रभारी सीताराम नैनीवाल ने कोटा दक्षिण क्षेत्र के दावेदारों से आवेदन प्रति प्राप्त किए। वहीं कांग्रेस कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी ने बताया कि नगर निगम चुनाव को लेकर चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं उम्मीदवारों ने कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज के समक्ष अपनी दावेदारी, सुझाव एवं चुनाव से संबंधित विभिन्न विषय रखे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों एवं उनके समर्थकों की भारी भीड़ लगी रही और पूरे कार्यालय परिसर में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल रहा। दावेदारों के शक्ति प्रदर्शन और संगठन की चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस नेताओं ने 14 सितंबर के बाद कोटा में कांग्रेस का बोर्ड बनने का दावा किया है।