तस्वीर में कोटा के श्री माहेश्वरी भवन में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्य समूह में खड़े हैं।   

कोटा में जिला माहेश्वरी युवा संगठन एवं कोटा नगर माहेश्वरी युवा संगठन की नई कार्यकारिणियों का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। जिला युवा संगठन के अध्यक्ष पद पर प्रशांत पनवाड़, मंत्री पद पर आदित्य लड्ढा और कोषाध्यक्ष पद पर रोहित लखोटिया निर्वाचित हुए। नगर युवा संगठन के अध्यक्ष पद पर जय लखोटिया, सचिव पद पर मधुर काबरा तथा कोषाध्यक्ष पद पर ऋषभ लाहोटी निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों संगठनों की नई कार्यकारिणियों में कुल 40 सदस्यों को शामिल किया गया है।

नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह झालावाड़ रोड स्थित श्री माहेश्वरी भवन में आयोजित हुआ। माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज में आगे आकर संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। युवा समाज का भविष्य हैं। संगठन की कार्यप्रणाली और रीति-नीति को प्रारंभ से समझने का अवसर युवाओं को आगे चलकर बेहतर ढंग से जिम्मेदारियां निभाने में मदद करेगा।

माहेश्वरी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष महेश अजमेरा ने बताया कि माहेश्वरी युवा संगठन पांच दशक से अधिक समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल वर्ष 2026 से 2029 तक रहेगा। उन्होंने कहा कि राजेश कृष्ण बिरला के नेतृत्व में जिला एवं नगर युवा संगठन का निर्विरोध निर्वाचन समाज में संगठनात्मक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि माहेश्वरी महिलासंगठन, माहेश्वरी पंचायत, माहेश्वरी जिला सभा और माहेश्वरी नया कोटा सहित समाज की विभिन्न इकाइयों में भी निर्विरोध निर्वाचन के माध्यम से आपसी समन्वय और एकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।

युवा संगठन प्रदेश अध्यक्ष अविनाश अजमेरा ने बताया कि नई कार्यकारिणी युवाओं को समाज से जोड़ने के साथ बाल संस्कार, सामाजिक सरोकार, खेलकूद प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनियों सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करेगी। संगठन में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को भागीदारी दी जाती है।

दोनों युवा संगठनों में 2026 से 2029 के कार्यकाल के लिए निर्विरोध नई टीम का गठन संगठनात्मक एकता, आपसी समन्वय और युवाओं की सामाजिक भागीदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है।

Tags: