तस्वीर में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारी बैठक के दौरान पोस्टर का विमोचन करते हुए।

कोटा, 6 अक्टूबर। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में 11 अक्टूबर को कोटा में महाराजा अग्रसेन जयंती हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई जाएगी। आयोजन के तहत भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत गीता भवन से होगी। शोभायात्रा रवाना होने से पहले गीता भवन पहुंचने वाले प्रथम 251 अग्र बंधुओं एवं मातृशक्ति का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर विशेष स्वागत-सम्मान किया जाएगा। इसके बाद अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा रवाना की जाएगी।

मुख्य संयोजक नवल किशोर गर्ग, राजेंद्र अग्रवाल एवं मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन चांदी की पालकी में विराजमान होंगे। काछी घोड़ी नृत्य, संदेशात्मक झांकियां, अग्रवाल समाज का बैनर तथा ‘एक ईंट और एक रुपया’ के संदेश वाले झंडे शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। अग्रसेन महाराज की बग्गी के आगे बैंड-बाजे की धुन पर 18 राजकुमार 18 घोड़ों पर सवार होकर चलेंगे।

शोभायात्रा में बैंड एवं डीजे की धुनों पर हजारों की संख्या में अग्र समाज के पुरुष, महिलाएं एवं युवा नाचते-गाते तथा डांडिया खेलते हुए शामिल होंगे। गीता भवन से शुरू होने वाली शोभायात्रा न्यू क्लॉथ मार्केट, जी.एम.ए., सर्राफा बाजार, मोहन टॉकीज रोड, सब्जीमंडी, चार खंभा, अग्रसेन बाजार, रामपुरा, लाडपुरा एवं खाई रोड होते हुए श्री अग्रसेन चौराहा पहुंचेगी। यहां महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन किया जाएगा।

इसके बाद शोभायात्रा का समापन महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम में 501 दीपों से महाआरती के साथ होगा। प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि शाम 7 बजे से उम्मेदसिंह स्टेडियम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला होंगे।

समारोह में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गर्ग, उपमहापौर विवेक राजवंशी, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, लोकेश गुप्ता एवं शुभम ग्रुप के डायरेक्टर दीपक राजवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह में लगभग 40 अतिथियों, 34 सक्रिय इकाइयों के 80 पदाधिकारियों, 25 भामाशाहों एवं समाज के प्रबुद्ध जनों का सम्मान किया जाएगा।

युवा अध्यक्ष अजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। 11 अक्टूबर को प्रस्तावित शोभायात्रा और सम्मान समारोह के जरिए कोटा में अग्रसेन जयंती का आयोजन विभिन्न कार्यक्रमों के साथ होगा।

Tags: