कोटा: महाराष्ट्र समाज ने डडवाडा में धूमधाम से किया गणपति विसर्जन
अनंत चतुर्दशी पर पारंपरिक वेशभूषा में निकली शोभायात्रा, महाआरती और पारितोषिक वितरण के साथ गणेशोत्सव का हुआ समापन।
तस्वीर में पारंपरिक पगड़ी पहने लोग भगवान गणेश की सजाई गई प्रतिमा की पूजा करते दिख रहे हैं।
कोटा। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर डडवाडा स्थित महाराष्ट्र समाज में गणपति विसर्जन हर्षोल्लास के साथ किया गया। गणपति प्रतिमा का विसर्जन तालाब की पाल पर किया गया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लौकरया’ के जयकारों से स्टेशन क्षेत्र गूंज उठा।
प्रवक्ता विशाल उपाध्याय ने बताया कि गणपति विसर्जन से पूर्व स्टेशन क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जबकि बच्चों ने भी पारंपरिक पोशाकें पहनीं। अध्यक्ष अनिल खांडेकर एवं सचिव भावना काले के सानिध्य में महाआरती का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और गणपति बप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लौकरया के जयकारों से स्टेशन क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा। इसके बाद गणपति प्रतिमा का तालाब की पाल पर विधिवत विसर्जन किया गया।
समाज के सह सचिव अमोल चावरेकर ने बताया कि गुरुवार को समाज में पारितोषिक वितरण किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। गणेशोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रमों और गणपति विसर्जन के साथ महाराष्ट्र समाज में उत्सव का समापन हुआ।