कोटा में रविवार को निशुल्क आई कैंप और स्वास्थ्य शिविर, मोतियाबिंद ऑपरेशन भी फ्री
अग्रवाल सम्मेलन और सर्राफ चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में मरीजों को परामर्श संग निशुल्क दवाएं भी मिलेंगी।
टीलेश्वर भवन कोटा में आयोजित होने वाले निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का पोस्टर।
कोटा, 26 सितंबर। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, कोटा संभाग, अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति एवं गिरधर गोपाल राजमल सर्राफ चेरिटेबल ट्रस्ट कोटा के तत्वावधान में रविवार को टीलेश्वर भवन में निशुल्क आई कैंप एवं चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चलेगा।
संभाग महामंत्री संजय गोयल ने बताया कि शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान नेत्र जांच एवं आई कैंप भी आयोजित होगा। जांच के बाद आवश्यकता होने पर मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन की निशुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। ऑपरेशन की पूरी व्यवस्था संस्था द्वारा की जाएगी।
संभाग अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में चिकित्सा परामर्श, जांच, नेत्र परीक्षण और आवश्यकता पड़ने पर मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।