कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 को लेकर बूंदी में भव्य रोड शो आयोजित
| जनवरी 2027 में होने वाले आयोजन से पहले बूंदी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पर्यटन संभावनाएं बताई गईं; आगे चित्तौड़गढ़ व उदयपुर में भी रोड शो होंगे।
बूंदी में रोड शो के दौरान हाड़ौती पर्यटन व ट्रेवल मार्ट-2 की जानकारी देते आयोजक और सैलानी।
कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए पर्यटन विभाग और होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में 11 से 13 जनवरी 2027 तक कोटा के आर्ट हिल सिटी पार्क में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट के प्रचार-प्रसार को लेकर 27 नवंबर को बूंदी में भव्य रोड शो आयोजित किया गया। इसमें देशी-विदेशी पर्यटकों और पर्यटन व्यवसायियों को हाड़ौती की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक परंपराओं और पर्यटन संभावनाओं से रूबरू कराया गया।
राजस्थान पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोड शो के दौरान हाड़ौती पर्यटन को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि बूंदी में सैकड़ों देशी-विदेशी पर्यटकों के समक्ष हाड़ौती के पर्यटन आकर्षणों की जानकारी प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में राजस्थानी एवं हाड़ौती लोक कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। वहीं, पर्यटन स्थलों के चित्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक संपदा, वन्यजीवों और धार्मिक स्थलों की जानकारी दी गई।
रोड शो में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की बूंदी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, सचिव लोकेश सुखवाल, उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा, अभिजीत सिंह, बूंदी होटल मैरिज गार्डन संगठन के अध्यक्ष आलोक दाघिच, रोहित पाटौदी, उमाशंकर नागर, हरिकिशन चांदवानी, सुरेश चांदवानी, मनोज सैनी एवं राघवेंद्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर नगर परिषद बूंदी के सभापति भरत शर्मा, पर्यटन विभाग के सहायक आयुक्त शरद व्यास और बूंदी व्यापार महासंघ के अध्यक्ष निरंजन जिंदल सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी एवं पर्यटन व्यवसायियों ने भी सहभागिता की।
होटल फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 को व्यापक स्तर पर सफल बनाने और हाड़ौती पर्यटन को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से प्रचार अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसी क्रम में होटल फेडरेशन की टीम 30 नवंबर को चित्तौड़गढ़ और 1 दिसंबर को उदयपुर में भव्य रोड शो आयोजित करेगी। इन आयोजनों के माध्यम से ट्रेवल एजेंटों, टूर ऑपरेटरों, होटल व्यवसायियों और पर्यटकों को हाड़ौती के पर्यटन आकर्षणों के साथ ट्रेवल मार्ट की जानकारी दी जाएगी।
माहेश्वरी ने बताया कि बूंदी के सभी होटल एवं रिसॉर्ट व्यवसायियों ने कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 में पूर्ण सहभागिता और सहयोग देने पर सहमति जताई है। बूंदी के होटल एवं रिसॉर्ट संचालक बाहर से आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को ट्रेवल मार्ट की जानकारी उपलब्ध कराएंगे और उन्हें हाड़ौती के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के लिए आमंत्रित करेंगे।
कोटा में 11 से 13 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाला यह ट्रेवल मार्ट हाड़ौती की पर्यटन विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन होगा।