कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेले में पद्मश्री सुरेश वाडकर शहीदों के लिए प्रस्तुतियां देंगे।

कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में शनिवार को देशभक्ति के गीतों से विजयश्री रंगमंच गूंजेगा। मेले के तहत शाम 8:30 बजे ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पद्मश्री से सम्मानित सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक सुरेश वाडकर अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के अमर शहीदों को संगीतमय स्वरांजलि अर्पित करेंगे।

महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि विजयश्री रंगमंच पर आयोजित होने वाली इस संगीतमय शाम में सुरेश वाडकर अपनी सुरीली आवाज और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे।

सुरेश वाडकर भारतीय संगीत जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों में शामिल हैं। उन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा के साथ भोजपुरी, कोंकणी और ओडिया भाषाओं में भी अपनी गायकी से पहचान बनाई है। संगीत के क्षेत्र में उनके अप्रतिम योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2020 में उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया था। इसके अतिरिक्त, उन्हें वर्ष 2018 में सुगम संगीत के लिए ‘संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार’ और वर्ष 2011 में सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक का ‘राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार’ भी मिल चुका है।

‘मेघा रे मेघा’ (प्यासा सावन), ‘मेरी किस्मत में तू नहीं शायद’ (प्रेम रोग) और ‘सीने में जलन’ जैसे कालजयी गीतों के जरिए करोड़ों श्रोताओं के दिलों में जगह बनाने वाले सुरेश वाडकर अब राष्ट्रीय दशहरा मेले के मंच से देश के अमर शहीदों को अपनी आवाज में श्रद्धांजलि देंगे। ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम मेले में संगीत और देशभक्ति के संगम का अवसर बनेगा।

Tags: