कोटा के तलवंडी जैन मंदिर में आयोजित डायबिटीज जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथि।

कोटा में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप वर्धमान की ओर से आयोजित डायबिटीज जागरूकता एवं स्वास्थ्य संवाद कार्यक्रम में मधुमेह से बचाव, लक्षणों की पहचान और नियंत्रण के उपायों पर जानकारी दी गई। रविवार को तलवंडी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. पार्थ जेठवानी ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच के महत्व पर जोर दिया।

डॉ. पार्थ जेठवानी ने मधुमेह के कारणों, लक्षणों, बचाव और नियंत्रण के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर में सदस्यों ने विभिन्न जाँचें करवाईं। कुल 85 सदस्यों की रैंडम ब्लड शुगर, 65 सदस्यों की HbA1c और 29 सदस्यों की थायराइड जाँच की गई।

इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. पार्थ जेठवानी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के पुण्यार्जक परिवार राम रतन बरमुंडा एवं प्रेमवती बरमुंडा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के अतिरिक्त महासचिव जे.के. जैन, संस्थापक अध्यक्ष सुरेश हरसोरा, कोटा रीजन अध्यक्ष अनिल ठोरा, तलवंडी मंदिर अध्यक्ष अशोक पहाड़िया तथा समग्र दिगंबर जैन बघेरवाल सामाजिक संस्था कोटा के प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र ताथेडिया उपस्थित रहे।

ग्रुप अध्यक्ष सीमा अरविंद बागड़िया ने बताया कि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप वर्धमान सामाजिक सेवा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले चिकित्सक, पुण्यार्जक परिवार, अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन अल्पाहार के साथ हुआ।

Tags: