कोटा में जेसीआई कोटा स्टार की नई कार्यकारिणी घोषणा पर सदस्यों ने पदाधिकारियों को बधाई दी।

कोटा में सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय संस्था जेसीआई कोटा स्टार की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया के तहत विक्की अग्रवाल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं, पारुल अग्रवाल को चेयरपर्सन, अभिषेक शर्मा को सचिव और लक्की गुप्ता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नामांकन समिति के चेयरमैन तनुज खंडेलवाल ने बताया कि आगामी कार्यकाल के लिए अध्यक्ष पद पर विक्की अग्रवाल, चेयरपर्सन पद पर पारुल अग्रवाल, सचिव पद पर अभिषेक शर्मा और कोषाध्यक्ष पद पर लक्की गुप्ता के नाम प्रस्तावित किए गए थे। पूर्व अध्यक्षों की समिति ने विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान कर दी।

नई कार्यकारिणी की घोषणा के अवसर पर संस्था के पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल, पवन चित्तौडा, नवीन डागा, महेश गुप्ता, संदीप बाकलीवाल, संजय शर्मा, अनुज जैन, आशीष जैन, सौरभ जैन, विशाल रस्तोगी, श्रेणिक बाफना, मोहित जैन, रवि गर्ग, तनुज खंडेलवाल और मनीष गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए नई टीम के कार्यकाल के लिए अपनी बधाई दी।

नवनियुक्त अध्यक्ष विक्की अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यकाल में मेडिकल चेकअप शिविर आयोजित करने, कच्ची बस्तियों के बच्चों को स्टेशनरी वितरित करने और भीषण गर्मी के दौरान प्याऊ लगाने सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों तथा सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।

नवनियुक्त सचिव अभिषेक शर्मा ने जानकारी दी कि जेसीआई कोटा स्टार की नई कार्यकारिणी 1 जनवरी से आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करेगी। नई टीम के गठन के साथ संस्था के आगामी कार्यकाल में सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नवनियुक्त पदाधिकारियों के हाथों में होगी।

Tags: