फसल बीमा भुगतान पर किसानों की बड़ी जीत, छह दिन के आंदोलन के बाद सरकार ने जारी की बकाया राशि
भारतीय किसान संघ के छह दिवसीय आंदोलन के बाद राजस्थान सरकार ने फसल बीमा बकाया जारी किया। किसानों के खातों में राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) एवं आपदा राहत (मुआवजा) की स्वीकृत राशि किसानों के खातों में जमा कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में जिलेभर के तहसील मुख्यालयों पर पिछले छह दिनों से चल रहे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। किसानों की एकजुटता, अनुशासन और संवैधानिक आंदोलन के बाद राजस्थान सरकार ने अपने हिस्से का बकाया भुगतान फसल बीमा कंपनी को कर दिया है।
भारतीय किसान संघ के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा बकाया राशि जारी किए जाने के साथ ही बीमा कंपनी ने अपने पास लंबित लगभग 14 करोड़ रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है। संगठन ने इसे किसान एकता, धैर्य और संवैधानिक आंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
आंदोलन के दौरान बकानी धरना स्थल पर खानपुर उपखंड अधिकारी एवं पूर्व संसदीय सचिव श्री नरेंद्र नागर पहुंचे। उन्होंने कृषि विभाग का पत्र किसानों के प्रतिनिधियों को सौंपते हुए आश्वस्त किया कि आगामी कुछ दिनों में किसानों के खातों में शेष फसल बीमा राशि भी जमा कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद किसानों ने राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए उसका अभिनंदन किया।
आंदोलन के दौरान बकानी कस्बे के दूध विक्रेताओं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं तथा व्यापार संघ ने भी किसानों का पूर्ण समर्थन किया। किसानों के समर्थन में लगातार तीन दिनों तक दूध का वितरण बंद रखा गया, दो दिनों तक फल एवं सब्जियों का विक्रय नहीं किया गया तथा आज पूरे बकानी कस्बे ने स्वेच्छा से बंद रखकर आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। भारतीय किसान संघ ने इसे किसान और समाज की एकजुटता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
संगठन ने आंदोलन की सफलता में स्थानीय एवं जिला स्तरीय पत्रकारों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। भारतीय किसान संघ के अनुसार, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों ने समय-समय पर किसानों की आवाज को प्रमुखता से जन-जन और शासन-प्रशासन तक पहुंचाया। संगठन ने सभी पत्रकार साथियों के प्रति आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।
भारतीय किसान संघ ने कहा कि वह एक गैर-राजनीतिक, राष्ट्रवादी किसान संगठन है, जो सदैव "राष्ट्रहित की चौखट पर किसान हित हमारी नैतिक जिम्मेदारी" के भाव से किसानों के अधिकारों और खेती के हितों की रक्षा के लिए कार्य करता आया है। संगठन ने इस सफलता को किसान एकता, धैर्य, अनुशासन और समाज के व्यापक सहयोग की जीत बताया।
धरना स्थल पर प्रांत मंत्री आदरणीय भाई श्री जगदीशचंद्र खाती, कोटा जिला अध्यक्ष श्री जगदीश कलमंडा, झालावाड़ जिला अध्यक्ष श्री राधेश्याम गुर्जर, जिला मंत्री कालूराम दांगी, जिला सह मंत्री मनोहर सिंह चौहान, जिला कार्यकारिणी सदस्य पूरीलाल दांगी, जिला गौ सेवा प्रमुख बालू सिंह चौहान, जिला प्रचार प्रमुख महेश मैहर, बकानी तहसील अध्यक्ष रामबाबू पाटीदार सहित रायपुर एवं बकानी तहसील के भारतीय किसान संघ के अनेक कार्यकर्ता तथा देर रात्रि तक आंदोलन में डटे रहे सैकड़ों किसानों ने सफल वार्ता के बाद सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आंदोलन का समापन किसान एकता और सामूहिक सहयोग की महत्वपूर्ण मिसाल के रूप में हुआ।