तस्वीर में करौली-मंडरायल मार्ग पर हुए भीषण बाइक हादसे के बाद जिला अस्पताल परिसर में मौजूद ग्रामीण और परिजन दिखाई दे रहे हैं।

करौली। दशहरा त्योहार के दौरान करौली जिला मुख्यालय के करौली-मंडरायल मार्ग पर शिकारगंज के पास कांटे पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में शिवलहरी माली की मौत हो गई, जबकि मोहनसिंह माली गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को करौली जिला अस्पताल पहुंचाया।

हादसे की सूचना मिलने पर करौली नगर परिषद के सभापति सुनील सैनी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल युवक की कुशलक्षेम जानी और मृतक शिवलहरी माली के परिजनों को ढांढस बंधाया। करौली कोतवाली थानाधिकारी विनोद सावरिया ने बताया कि मंगलवार को करौली-मंडरायल मार्ग पर कांटे के पास दो बाइकों की भिड़ंत में शिवलहरी माली की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहनसिंह माली का करौली जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में उपचार जारी है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जिला अस्पताल में गंभीर घायल अवस्था के दौरान शिवलहरी को तत्काल उचित उपचार नहीं मिलने के गंभीर आरोप लगाए। परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करते हुए कहा कि समय पर उपचार मिलने से किसी की जान बचाई जा सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद सभापति सुनील सैनी ने जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग के आला अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिलाया, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

हादसे की जानकारी मिलने पर कोतवाली थानाधिकारी विनोद सावरिया सहित पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। दुर्घटना में युवक की मौत के बाद उसके परिजनों में शोक छा गया और जिला अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल रहा। मृतक के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है और आवश्यक प्रक्रिया जारी है।

Tags: