हिण्डौन के लीलोटी गांव में चोरी की सूचना के बाद मामले की जांच करती पुलिस टीम और शिकायत दर्ज कराने के बाद न्याय की मांग करते पीड़ित ग्रामीण।

हिण्डौन सिटी। हिण्डौन सदर थाना क्षेत्र के लीलोटी गांव में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शातिर चोर आलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर करीब तीन लाख रुपये नकद, कीमती जेवरात के साथ प्लॉट और ट्रैक्टर के कागजात भी ले गए। वारदात के दौरान परिवार के अन्य सदस्य मकान के दूसरे कमरों में सो रहे थे। चोरों ने उन्हें बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया और दूसरे कमरे में रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद हिण्डौन सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी की इस वारदात में आभूषण और नकदी के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी होने से मामला गंभीर हो गया है।

गौरतलब है कि गत दिनों बझेड़ा गांव में भी 20 लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। बझेड़ा पंचायत क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

इससे पहले ग्रामीणों ने करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल को ज्ञापन सौंपकर चोरी की घटनाओं के खुलासे की मांग भी की थी। इसके बावजूद सदर पुलिस अभी तक इन मामलों का खुलासा नहीं कर पाई है। लीलोटी गांव में करीब 40 लाख रुपये की चोरी की नई वारदात के बाद पुलिस के सामने मामले का खुलासा करने की चुनौती है। फिलहाल हिण्डौन सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tags: