हिंडौन सिटी में शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन विभिन्न पूजा पंडालों से निकली शोभायात्राओं के बाद श्रद्धालुओं ने जलसेन तालाब में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया।   

हिंडौन सिटी में नौ दिनों तक चले शारदीय नवरात्रि महोत्सव का समापन सोमवार को भक्तिमय माहौल में हुआ। अंतिम दिन ढोल-नगाड़ों, डीजे और बैंड-बाजों की धुनों के बीच मां दुर्गा की भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों से निकली शोभायात्राएं मुख्य मार्गों से होती हुई जलसेन तालाब पहुंचीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं का भावभीनी विदाई के साथ विसर्जन किया गया।

नवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर शहर के लगभग 20 प्रमुख मंदिरों और पूजा पंडालों में कलश यात्राओं के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। नौ दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरा शहर मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर रहा। प्रतिदिन सुबह-शाम महाआरती, भजन-कीर्तन, भव्य भगवती जागरण, छप्पन भोग और फूल बंगला झांकी सहित मां दुर्गा की मनमोहक सजीव झांकियों का आयोजन किया गया। इन धार्मिक कार्यक्रमों और झांकियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

महोत्सव के दौरान शहर के टीका कुंड हनुमान मंदिर, पथवारी जोबनेर माता मंदिर, शीतलेश्वर हनुमान मंदिर, चौबे पाड़ा पुलिया, खटीक पड़ा स्थित कोलियों की अथाई, झारेड़ा रोड पुलिया और काना हनुमान मंदिर सहित कई प्रमुख स्थलों पर मां दुर्गा की नयनाभिराम प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। इन स्थानों पर नौ दिनों तक धार्मिक आयोजन हुए और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना की।

सोमवार को महोत्सव के अंतिम दिन सभी पूजा पंडालों से गाजे-बाजे, डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्राएं निकाली गईं। शोभायात्राओं में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। डीजे और ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए श्रद्धालुओं ने ‘जय माता दी’ के गगनभेदी जयकारे लगाए। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती शोभायात्राएं जलसेन तालाब पहुंचीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं को जल में विसर्जित किया गया।

विसर्जन के दौरान श्रद्धालु भावुक नजर आए और नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। इस अवसर पर भक्तों ने अगले वर्ष मां के शीघ्र आगमन की कामना की। इसके साथ ही हिंडौन सिटी में नौ दिनों तक चले शारदीय नवरात्रि महोत्सव का समापन हो गया।

Tags: