करौली के चौधरीपाड़ा स्थित अजय सिंह के कटले में सोमवार देर रात आरके कलेक्शंस नाम की साड़ी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग में दुकान में रखी लाखों रुपये की साड़ियां, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। त्योहारी सीजन के लिए स्टॉक जुटाकर अच्छी दुकानदारी की उम्मीद कर रहे व्यापारी को इस घटना से भारी नुकसान उठाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारी अपनी दुकानों में सामान का स्टॉक बढ़ाने और बिक्री की तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच सोमवार देर रात चौधरीपाड़ा स्थित आरके कलेक्शंस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट और एसी के कंप्रेसर का फटना माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, दुकान तक पहुंचने वाला रास्ता तंग होने और गली संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल से काफी दूर खड़ी करनी पड़ी। इसके बाद आपसी समन्वय से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए।

दमकल और पुलिस की टीम के प्रयासों के बावजूद आग पर काबू पाने तक शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। साड़ियों और अन्य कपड़ों के जलने से दुकान के व्यापारी को त्योहारी सीजन में भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा। संकरी गली के कारण दमकल की गाड़ी का दुकान तक नहीं पहुंच पाना आग बुझाने के प्रयासों में बड़ी बाधा बना।

Tags: