सूरौठ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खीप का पूरा के मुण्डा का पूरा गांव में श्रीमद्भागवत कथा के समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण करते श्रद्धालु।

करौली/सूरौठ। सूरौठ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खीप का पूरा के अंतर्गत मुण्डा का पूरा गांव की जाटव बस्ती में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का सोमवार को हवन-पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार और विशाल भंडारे के साथ समापन हुआ। 11 से 19 अक्टूबर तक चले इस धार्मिक आयोजन में पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा रहा और श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा। कथा विश्राम के बाद आयोजित विशाल भंडारे में आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।

श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्रीधाम वृंदावन से पधारीं प्रख्यात कथा वाचक राधिका शास्त्री ने भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सदाचार और निष्काम सेवा का संदेश देते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा, महारास और सुदामा चरित्र का मार्मिक चित्रण प्रस्तुत किया। इन प्रसंगों के वर्णन से श्रोता भावविभोर हो गए और आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।

इस अवसर पर भाजपा खेड़ा जमालपुर मंडल मीडिया संयोजक नाहर सिंह डागुर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। वहीं, खीप का पूरा ग्राम पंचायत के सरपंच बब्लू जाटव ने कहा कि नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान ने ग्रामीणों को धर्म और अध्यात्म से जुड़ने का अनुपम अवसर प्रदान किया। इससे क्षेत्र का वातावरण सकारात्मक और ऊर्जावान बना रहा।

कथा की पूर्णाहुति पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यजमानों ने हवन में आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद दोपहर से देर शाम तक महाप्रसादी और भंडारे का दौर चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर मुख्य परीक्षित राकेश, रूप सिंह, ज्यानलाल, चरण सिंह, राजेश, राजमल, तीतुरिया, विजेंद्र, श्रीचंद, रूगनाथ, रमन, रामकेश और हेमराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन का समापन सामूहिक सहभागिता, हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ हुआ।

Tags: