सरखेड़ी ग्राम सेवा सहकारी समिति में लाखों के गबन का आरोप, फर्जी हस्ताक्षर से निकासी की शिकायत
सरखेड़ी ग्राम सेवा सहकारी समिति में फर्जी हस्ताक्षर से लाखों रुपये निकासी का आरोप, अध्यक्ष ने जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
झालावाड़ जिले की ग्राम सेवा सहकारी समिति सरखेड़ी में व्यवस्थापक और सहायक व्यवस्थापक पर अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर कर लाखों रुपये की राशि निकालने का आरोप लगा है। मामले को लेकर समिति के अध्यक्ष कमलसिंह ने निष्पक्ष जांच और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रबंधक सहकार भवन झालावाड़ को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में समिति के पूर्व अध्यक्ष कमलसिंह ने बताया कि ग्राम सेवा सहकारी समिति सरखेड़ी के कर्मचारी व्यवस्थापक महेश शर्मा एवं सहायक व्यवस्थापक शिवलाल ने मिलकर समिति के अध्यक्ष के चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से राशि निकाली, जो समिति के नियमों के विरुद्ध है।
कमलसिंह ने आरोप लगाया कि सहकारी समिति सरखेड़ी के अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर कर खाता संख्या 2401140920000933 से चेक लगाकर राशि निकाली गई। इसमें चेक नम्बर 014511 दिनांक 26/12/2022, चेक नम्बर 014512 दिनांक 07/01/2023, चेक नम्बर 014513 दिनांक 12/01/2023, चेक नम्बर 014514 दिनांक 16/02/2023, चेक नम्बर 014515 दिनांक 18/01/2023, चेक नम्बर 014516 एवं चेक नम्बर 014517 शामिल हैं। इन सभी चेकों पर अध्यक्ष कमलसिंह के फर्जी हस्ताक्षर कर लाखों रुपये की राशि निकाले जाने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि खाता संख्या 24011103920000043 से भी व्यवस्थापक महेश शर्मा एवं सहायक व्यवस्थापक शिवलाल द्वारा अध्यक्ष कमलसिंह के फर्जी हस्ताक्षर कर अगस्त 2024, सितम्बर 2024, अक्टूबर 2024 और नवम्बर 2024 में राशि निकाली गई, जो समिति के विधि विरुद्ध है।
इसके अलावा खाता संख्या 24011401120000470 से दिनांक 20/06/2024 को अध्यक्ष कमलसिंह के फर्जी हस्ताक्षर कर 2,10,000 रुपये (अक्षरे दो लाख दस हजार रुपये) निकालने का आरोप लगाया गया है।
कमलसिंह ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि ग्राम सेवा सहकारी समिति सरखेड़ी में दिनांक 16/12/2024 को शिवलाल को सहायक व्यवस्थापक बनाने के लिए कोई प्रस्ताव जारी नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि दिनांक 16/12/2024 के प्रस्ताव संख्या 2 में व्यवस्थापक महेश शर्मा ने अपने निजी निवास स्थान पर गुपचुप तरीके से प्रस्ताव तैयार कर लिखा और हस्ताक्षर भी फर्जी किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्ताव रजिस्टर में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं संचालक मंडल के सदस्यों के जो हस्ताक्षर किए गए हैं, वे भी फर्जी हैं, जिनकी जांच कराई जानी चाहिए।
ज्ञापन में कहा गया कि व्यवस्थापक और सहायक व्यवस्थापक की कार्यशैली से काश्तकार, आम जनता एवं जनप्रतिनिधि नाराज हैं। आरोप लगाया गया कि काश्तकारों के कार्य समय पर नहीं किए जाते हैं। समिति का चार्ज अन्य व्यवस्थापक को देने का आदेश जारी करने की भी मांग की गई है।
अध्यक्ष कमलसिंह ने मांग की कि सभी चेकों का रिकॉर्ड और मूल चेक झालावाड़ केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, शाखा पिड़ावा से मंगवाए जाएं, ताकि हस्ताक्षरों का मिलान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि चेकों पर किए गए हस्ताक्षरों की जांच विधि विज्ञान प्रयोगशाला जयपुर से करवाई जाए।
इसके साथ ही ग्राम सेवा सहकारी समिति सरखेड़ी के प्रस्ताव रजिस्टर, जो व्यवस्थापक महेश शर्मा एवं शिवलाल के पास हैं, उन्हें भी जांच के लिए मंगवाने की मांग की गई है। रजिस्टर में उपाध्यक्ष एवं संचालक मंडल के सदस्यों के हस्ताक्षरों का मिलान भी विधि विज्ञान प्रयोगशाला जयपुर से कराने की मांग रखी गई है।
कमलसिंह ने ज्ञापन में निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित दस्तावेज मंगवाकर नमूना हस्ताक्षर लेने और दस्तावेजों में किए गए हस्ताक्षरों का विधि विज्ञान प्रयोगशाला जयपुर से मिलान कराने की मांग की है।