झालावाड़ पुलिस का अवैध साहुकारी पर बड़ा एक्शन, 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना और ₹37.35 लाख नकद बरामद
झालावाड़ पुलिस ने अवैध साहुकारी और धोखाधड़ी के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। मनोहरथाना, जावर, पिड़ावा, सुनेल और घाटोली में छापों के दौरान भारी मात्रा में सोना, चांदी, नकदी, कृषि उपकरण, वाहन और वित्तीय दस्तावेज बरामद हुए। मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
तस्वीर में झालावाड़ पुलिस द्वारा अवैध साहुकारी के मामले में बरामद की गई थ्रेशर मशीनें और अन्य कृषि उपकरण खुले मैदान में रखे दिखाई दे रहे हैं, तथा ऊपरी हिस्से में पुलिस अधिकारी की तस्वीर है।
झालावाड़ पुलिस ने जिले में अवैध साहुकारी, भारी ब्याज पर धन उधार देकर आमजन का आर्थिक एवं मानसिक शोषण करने तथा धोखाधड़ी के मामलों के खिलाफ जिलास्तरीय विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत बिना वैध लाइसेंस के भारी ब्याज पर पैसा देकर लोगों को आर्थिक चंगुल में फंसाने वालों के खिलाफ थाना मनोहरथाना, जावर, पिड़ावा, सुनेल और घाटोली पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान 321 किलोग्राम चांदी, 04 किलोग्राम सोना, ₹37,35,300 नकद, 128 थ्रेशर मशीनें, 35 कल्टीवेटर, दर्जनों वाहन, जमीनों से संबंधित संदिग्ध स्टाम्प, ब्लैंक चेक और अन्य वित्तीय दस्तावेज बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने बताया कि झालावाड़ पुलिस द्वारा जिले में असंगठित एवं अवैध रूप से संचालित भारी ब्याज वसूली, आमजन के आर्थिक-मानसिक शोषण तथा धोखाधड़ी के विरुद्ध यह विशेष और वृहद अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गरीब, अनपढ़ काश्तकारों तथा असहाय नागरिकों की मजबूरी का अनुचित लाभ उठाकर उनकी जमीन-जायदाद, आभूषण और कृषि उपकरणों को अवैध रूप से हड़पने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री भागचंद तथा संबंधित वृत्ताधिकारियों के निकटतम सुपरविजन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना मनोहरथाना के थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने आंवलहेड़ा निवासी कृष्णगोपाल, राजाराम, भारत सिंह तथा मनोहरथाना निवासी मप्या सोनी उर्फ श्रीकिशन के ठिकानों एवं बाड़ों की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में विभिन्न सामग्री बरामद की गई। इसी प्रकार थाना जावर पुलिस ने परमानंद तथा थाना पिड़ावा पुलिस ने गोविंदपुरा निवासी ओंकार सिंह एवं शंकरसिंह के यहां कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की।
जिलेभर में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 321 किलोग्राम चांदी एवं 04 किलोग्राम सोना बरामद किया। इसके अलावा ₹37,35,300 नकद राशि भी जब्त की गई। कृषि उपकरणों में 128 थ्रेशर मशीनें तथा 35 कल्टीवेटर बरामद हुए। वाहनों में 25 ट्रॉलियां, 03 ट्रैक्टर, 02 बोलेरो पिकअप, 01 टाटा 407, 01 टवेरा, 01 टेम्पो तथा 03 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने 12 बोर के अवैध हथियार तथा 06 जिंदा कारतूस भी बरामद किए, जिनके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान बिना किसी वैध लाइसेंस के ब्याज पर धन देकर जमीनों को रहन रखने से जुड़े व्यापक दस्तावेजी साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे। पुलिस ने लेन-देन से संबंधित दर्जनों डायरियां, बही-खाते, हस्ताक्षरित खाली एवं भरे हुए स्टाम्प पेपर, ब्लैंक चेक, चेकबुक, बैंक पासबुक तथा गिरवी रखे गए आभूषणों से संबंधित पर्चियां बरामद की हैं।
थाना सुनेल एवं घाटोली क्षेत्रों में संदिग्ध साहूकारी और वित्तीय लेन-देन के मामलों में धारा 100 बीएनएसएस के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। थाना सुनेल के थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम केसरपुरा स्थित एक निर्माणाधीन परिसर से 02 लेन-देन की डायरियां, 01 हस्ताक्षरित स्टाम्प, जिसमें ₹1.5 लाख के ब्याज संबंधी लेन-देन का उल्लेख था, बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई तथा केंद्रीय सहकारी बैंक की 08 बैंक पासबुक और 03 चेकबुक जब्त कर धारा 100 बीएनएसएस के तहत अग्रिम जांच के लिए रिकॉर्ड पर लिया।
इसी प्रकार थाना घाटोली के थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने घाटोली स्थित एक मकान एवं दुकान की नियमानुसार तलाशी ली। मौके से लेन-देन एवं गिरवी का हिसाब दर्ज 04 रोकड़ बही-खाते, 11 स्टाम्प पेपर, 05 बैंक पासबुक, 01 संदिग्ध मोबाइल तथा डिब्बे में सीलशुदा रखी गिरवी गहनों से संबंधित पर्चियां बरामद की गईं, जिन्हें धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त किया गया।
झालावाड़ पुलिस ने जिले के समस्त नागरिकों एवं काश्तकारों से अपील की है कि वे अपनी किसी भी वित्तीय आवश्यकता के लिए केवल अधिकृत एवं वैध बैंकिंग संस्थानों का ही सहारा लें तथा किसी भी अवैध साहूकार के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति डरा-धमकाकर खाली स्टाम्प, चेक या संपत्ति हड़पने का प्रयास करे तो तत्काल जिला पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि वह "आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय" के संकल्प के साथ जनता की सुरक्षा के लिए निरंतर तत्पर है।