झालरापाटन रेलवे स्टेशन पर जल्द ही यात्रियों को टिकट आरक्षण की सुविधा मिलने वाली है। सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों से रेलवे ने इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोटा मंडल ने झालरापाटन स्टेशन पर आरक्षण केंद्र शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही आरक्षण केंद्र के संचालन के लिए कार्मिक चयन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य धीरज गुप्ता ने बताया कि झालावाड़ सिटी रेलवे स्टेशन पर टिकट आरक्षण सुविधा शुरू होने के बाद नियमानुसार गढ़ पैलेस स्थित रेल आरक्षण कार्यालय का संचालन जारी रखना संभव नहीं था। इस स्थिति को देखते हुए सांसद दुष्यंत सिंह ने गढ़ पैलेस में बंद किए गए आरक्षण केंद्र को झालरापाटन रेलवे स्टेशन पर स्थानांतरित कर वहां आरक्षण सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव रखा था।

सांसद के इस प्रस्ताव को कोटा मंडल ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत गढ़ पैलेस में बंद किए गए आरक्षण केंद्र को झालरापाटन रेलवे स्टेशन पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। इससे झालरापाटन स्टेशन पर यात्रियों को टिकट आरक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।

सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने सांसद दुष्यंत सिंह को भेजे गए पत्र में बताया है कि आरक्षण केंद्र के संचालन के लिए कार्मिक चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे की ओर से प्रक्रिया शुरू होने के बाद झालरापाटन स्टेशन पर टिकट आरक्षण सुविधा प्रारंभ होने की तैयारियां आगे बढ़ गई हैं।

Tags: