झालावाड़: अवैध स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से करीब 8 ग्राम स्मैक बरामद की है।
झालावाड़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7 ग्राम 986 मिलीग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीना और वृत्त झालावाड़ के पुलिस उपअधीक्षक हर्षराज सिंह के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। कोतवाली थानाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार मीना ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम गश्त के दौरान ईदगाह रोड पर तांबे की खान के पास मौजूद थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर पुलिस ने रईस कुरेशी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम 986 मिलीग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रईस कुरेशी पुत्र बाबू खां के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कसाई मोहल्ला, गागऱोन रोड का निवासी है और वर्तमान में रशीद बाच्चा का मकान, चंदा महाराज की पुलिया के पास, नाला मोहल्ला, झालावाड़ में रहता है।
पुलिस अब आरोपी से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त तथा इस कारोबार से जुड़े नेटवर्क के संबंध में गहन अनुसंधान कर रही है। मामले में तस्करी से संबंधित गतिविधियों की जांच जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी मुकेश कुमार मीना, उपनिरीक्षक राम सिंह, उपनिरीक्षक भगवान सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश्वर स्वामी, कांस्टेबल सतेंद्र और कांस्टेबल अंकुश शामिल रहे। जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखी है।