गोंडा में सीएम योगी ने 46,800 छात्रों को बांटे टैबलेट, कानून-व्यवस्था पर बोले
| देवीपाटन मंडल के चार जिलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ सीएम ने 9.5 लाख नियुक्तियों और राजा सुहेलदेव के इतिहास का उल्लेख किया।
गोंडा। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास के बदलते परिदृश्य को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश अब दंगा और गुंडा मुक्त हो चुका है। पहले उत्तर प्रदेश के जिले माफिया और अपराधियों के नाम से पहचाने जाते थे, लेकिन आज यहां कानून का राज स्थापित है और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देवीपाटन मंडल के चार जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने से पहले गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती देश और प्रदेश के सबसे गंदे शहरों में गिने जाते थे। अब इन शहरों की तस्वीर बदल चुकी है और ये जिले स्वच्छता, विकास तथा बेहतर सुविधाओं के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। पहले जहां माफिया और अपराधियों का बोलबाला था, वहीं अब उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
बहराइच के राजा सुहेलदेव के शौर्य और पराक्रम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विदेशी आक्रांताओं का वीरता के साथ मुकाबला किया था। ऐसे महापुरुषों का इतिहास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार और तकनीकी सशक्तीकरण के लिए प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। उनका दावा था कि सपा और बसपा की सरकारों के कार्यकाल में इतनी बड़ी संख्या में नियुक्तियां नहीं दी गईं। उन्होंने विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण को डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह भी देखने को मिला। टैबलेट मिलने की खुशी छात्र-छात्राओं के चेहरों पर साफ नजर आई। बड़ी संख्या में विद्यार्थी और आम लोग मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने के लिए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान देवीपाटन मंडल के अधिकांश जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गोंडा शहर से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरा आयोजन स्थल छावनी में तब्दील नजर आया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई थी। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, डीआईजी अशोक कुमार, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
टैबलेट वितरण कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में कई दिनों से उत्साह था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट मिलने पर उनकी खुशी देखने लायक रही। मुजेहना के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष मुनींद्र शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और डिजिटल इंडिया अभियान को गति देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
युवा कार्यकर्ता अनुज मिश्र ने कहा कि टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। डिजिटल संसाधनों के माध्यम से उन्हें अध्ययन के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इससे उनकी शैक्षिक क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में रोजगार के नए अवसर हासिल करने में भी मदद मिलेगी। विद्यार्थियों ने भी इस पहल को अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण के साथ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बदली कानून-व्यवस्था, विकास और युवाओं को रोजगार व तकनीक से जोड़ने के प्रयासों को प्रमुखता से रखा। डिजिटल शिक्षा के विस्तार की दिशा में यह वितरण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण रहा।