ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। खनन कार्यों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्री सीमेंट लिमिटेड की रास स्थित निम्बेटी लाइमस्टोन खदान में 40वें खान सुरक्षा सप्ताह के तहत खान सुरक्षा संगोष्ठी आयोजित की गई। भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर क्षेत्र-1 एवं 2 के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में खदान के सुरक्षा मानकों का विस्तृत निरीक्षण और समीक्षा की गई।

इस वर्ष संगोष्ठी का मुख्य संदेश 'सुरक्षित खनिक, सुरक्षित खदान, समृद्ध राष्ट्र' रखा गया। इसका उद्देश्य खनन कार्यों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के तहत निरीक्षण टीम के संयोजक धर्मेंद्र कुमार तथा टीम सदस्य गुलाब सिंह झाला और लवी अग्रवाल ने खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान में लागू सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की।

इस अवसर पर खान के सहायक उपाध्यक्ष टीके ढेलावत ने कहा कि सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

संगोष्ठी में टीवी श्रीनिवास, संजीव कुमार द्विवेदी, डूंगा राम एवं हरीश कुमार आर्य सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्मिकों ने सुरक्षा गीत प्रस्तुत किया और लघु नाटिका के माध्यम से सुरक्षा का संदेश दिया। मंच संचालन सुश्री दीक्षा एवं सुश्री श्रीया ने किया।

संगोष्ठी और खदान निरीक्षण के माध्यम से 40वें खान सुरक्षा सप्ताह के संदेश को रेखांकित करते हुए खनन कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन और कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर दिया गया।

Tags: