धरती आबा अभियान: जनजातीय गांवों के विकास में राजस्थान देश में अव्वल
| 37 जिलों के 6,019 गांवों में आश्रम छात्रावास, विपणन केंद्र और आदि कर्मयोगी प्रशिक्षण से आजीविका व बुनियादी ढांचे को मिल रही मजबूती।
धरती आबा अभियान के तहत राजस्थान के 37 जिलों के 6,019 गांवों में विकास व आजीविका कार्य जारी हैं।
जयपुर, 27 नवम्बर। जनजातीय क्षेत्रों के विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के मामले में राजस्थान ने देशभर में अपनी अग्रणी स्थिति दर्ज कराई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वंचितों को वरीयता’ के विजन के तहत शुरू किए गए ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में मिशन मोड पर संचालित इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के जनजातीय अंचलों में विकास कार्यों को गति देने के साथ सरकारी सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता, शिकायतों के प्रभावी निवारण और जनजातीय समुदाय के अधिकारों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रदेश के 37 जिलों के 208 ब्लॉक्स में स्थित 6 हजार 19 गांवों को विकास कार्यों से जोड़ा गया है। इन गांवों में आश्रम छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों के निर्माण, उन्नयन एवं सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक विभिन्न विकास कार्यों के लिए 335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी की गई हैं। वहीं, 277 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां भी जारी हो चुकी हैं। इन कार्यों के लिए भारत सरकार की ओर से 177 करोड़ रुपये से अधिक की मदर स्वीकृति जारी की जा चुकी है।
जनजातीय समुदाय की आर्थिक स्थिति और आजीविका के अवसरों को मजबूत करने के लिए प्रदेश के छह जिलों में बहुउद्देशीय विपणन केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, बारां एवं सिरोही में इन केन्द्रों को स्वीकृति दी गई है। इनके माध्यम से जनजातीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था बेहतर बनाई जाएगी और उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ा जाएगा। इससे जनजातीय समुदाय की आय बढ़ाने और आजीविका के नए अवसर विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के अंतर्गत जनजातीय समुदाय में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और समस्याओं के समाधान की सोच विकसित करने के लिए आदि कर्मयोगी अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में राजस्थान के 26 जिलों के 5 हजार 978 गांवों को शामिल किया गया। इस दौरान 162 जिला मास्टर ट्रेनर्स, 1 हजार 82 ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स और 1 लाख 16 हजार 670 ग्राम स्तरीय आदि कर्मयोगियों एवं आदि सहयोगियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर नेतृत्व और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक जनजातीय नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशभर में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की है। जनजाति कल्याण को समर्पित इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य बुनियादी ढांचे के विकास में मौजूद अंतर को दूर करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और आजीविका के अवसरों के माध्यम से लगभग 5 करोड़ जनजातीय लोगों को लाभान्वित करना है।
मार्च 2029 तक क्रियान्वित किए जाने वाले इस अभियान में 17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियों को शामिल किया गया है। इसके तहत 26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 2 हजार 911 ब्लॉकों में स्थित 63 हजार 843 जनजातीय गांवों को लक्षित किया गया है।
जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा के बेहतर अवसर, उत्पादों के विपणन और स्थानीय नेतृत्व क्षमता के विकास को एक साथ आगे बढ़ाने वाला यह अभियान राजस्थान में मिशन मोड पर लागू किया जा रहा है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन में देश में प्रथम स्थान हासिल करना प्रदेश के 6 हजार से अधिक जनजातीय गांवों में विकास गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।