जयपुर के लोक भवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को नव प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की।  

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भारतीय पुलिस सेवा के नव प्रशिक्षु अधिकारियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को नागरिक सुरक्षा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति भी पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण से अपने दायित्व निभाने चाहिए।

जयपुर, 27 नवंबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे से शुक्रवार को लोक भवन में भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2024 और 2025 बैच के नव प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान राज्यपाल श्री बागडे ने अधिकारियों को 'राष्ट्र प्रथम' की सोच के साथ पुलिस सेवा में कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नागरिकों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारियों को प्रतिबद्धता और समर्पित भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

राज्यपाल ने भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से आमजन का विश्वास अर्जित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की साख इस बात से तय होती है कि समाज में अपराध की प्रवृत्ति न्यूनतम रहे। अपराधियों में पुलिस का भय बना रहेगा, तभी पुलिस का इकबाल कायम रहेगा।

राज्यपाल ने नव प्रशिक्षु अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि राष्ट्रहित, नागरिक सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और आमजन का विश्वास पुलिस सेवा के मूल आधार होने चाहिए।

Tags: