बूंदी में विधायक अशोक चांदना समेत समर्थकों पर एफआईआर, एससी-एसटी एक्ट भी लगा
| नैनवां पंचायत समिति प्रधान चुनाव के दौरान पुलिस बैरिकेडिंग पर धक्का-मुक्की और राजकार्य में बाधा डालने का आरोप है, अब सीआईडी-सीबी मामले की जांच करेगी।
बूंदी जिले की नैनवां पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान पुलिस बैरिकेडिंग पर विवाद और कथित धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। इस घटना में राजकार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों को डराने-धमकाने और अभद्रता करने के आरोप में हिंडोली-नैनवां विधायक अशोक चांदना समेत उनकी टीम के सदस्यों के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्रकरण में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
बूंदी एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि सहदेव सिंह, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी करवर, मय पुलिस जाप्ते के नैनवां पंचायत समिति के प्रधान चुनाव के मद्देनजर चुंगी नाका नैनवां की तरफ पंचायत समिति के सामने बैरिकेडिंग पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मी पंचायत समिति से देई रोड की ओर लगाए गए बैरिकेड्स पर आने-जाने वाले वाहनों को रोकने का कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान हिंडोली-नैनवां विधायक अशोक चांदना अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। पुलिस के अनुसार, उनके साथ बोरदा निवासी हंसराज गुर्जर, नैनवां निवासी सद्दाम हुसैन, देई निवासी तुलसीराम सांगोदा, नैनवां निवासी आशुतोष नागर, नैनवां निवासी साहिद खान, नैनवां निवासी बलराम उर्फ बाबा गुर्जर और अन्य 5-6 व्यक्ति मौजूद थे।
पुलिस का आरोप है कि विधायक और उनके साथ आए लोगों ने ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को डराया-धमकाया, उनके साथ अभद्रता की और धक्का-मुक्की की। इसके बाद बैरिकेड्स को जबरदस्ती ऊंचा करके अपनी गाड़ी पंचायत समिति परिसर में ले जाने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस जाप्ते ने उन्हें रोक दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
एसपी अवनीश कुमार शर्मा के अनुसार, घटना को लेकर प्रकरण संख्या 371/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 189(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(VA) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रकरण का अनुसंधान सीआईडी-सीबी, पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा किया जाएगा। प्रधान चुनाव के दौरान पुलिस ड्यूटी में कथित बाधा और बैरिकेडिंग पर हुए विवाद को लेकर विधायक अशोक चांदना समेत नामजद लोगों के विरुद्ध दर्ज इस मामले में अब जांच की जिम्मेदारी सीआईडी-सीबी को सौंपी गई है।