तस्वीर में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज सिंह, कॉमनवेल्थ गेम्स के कांस्य पदक विजेता यशवीर सिंह को बधाई देते हुए, साथ में श्री राजीव सिंह और श्री अनुज तायल भी मौजूद हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के जयपुर स्टेशन पर कार्यरत वाणिज्य सह टिकट क्लर्क (CCTC) श्री यशवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) प्रतियोगिता में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर देश और भारतीय रेलवे का नाम गौरवान्वित किया है।

श्री यशवीर सिंह की इस ऐतिहासिक सफलता पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने उन्हें सम्मानित किया। महाप्रबंधक ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर श्री पंकज शर्मा ने कहा कि रेलवे को अपने ऐसे प्रतिभावान कर्मचारियों पर गर्व है, जो अपनी खेल प्रतिभा के माध्यम से वैश्विक पटल पर देश का तिरंगा लहरा रहे हैं। उन्होंने यशवीर सिंह की इस सफलता को भारतीय रेलवे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

सम्मान समारोह के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री राजीव सिंह तथा संघ के सचिव श्री अनुज तायल सहित मुख्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

जयपुर स्टेशन पर वाणिज्य सह टिकट क्लर्क के पद पर कार्यरत यशवीर सिंह की यह उपलब्धि खेल क्षेत्र में रेलवे कर्मचारियों की बढ़ती भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाती है।

Tags: