सुबोध पब्लिक स्कूल में सिनर्जी इंटरैक्ट क्लब की स्थापना, विद्यार्थियों को मिला नेतृत्व मंच
सुबोध पब्लिक स्कूल में सिनर्जी इंटरैक्ट क्लब की स्थापना हुई, जहां विद्यार्थियों को नेतृत्व, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का मंच मिला।
तस्वीर में सुबोध पब्लिक स्कूल के परिसर में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों, प्रधानाचार्या और एनसीसी विद्यार्थियों के साथ पौधा लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
सुबोध पब्लिक स्कूल में 6 अगस्त 2026 को रोटरी क्लब जयपुर बापू नगर, डिस्ट्रिक्ट 3056 के सहयोग से सिनर्जी इंटरैक्ट क्लब का स्थापना एवं पदस्थापना समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रोटरी के प्रतिष्ठित पदाधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन के सम्मानित सदस्यों, प्रधानाचार्या श्रीमती आशी श्रीवास्तव, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मंगल दीप प्रज्वलन एवं णमोकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरे वातावरण में आध्यात्मिक शांति एवं पावनता का भाव दिखाई दिया।
स्वागत उद्बोधन में प्रधानाचार्या श्रीमती आशी श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सेवा-भाव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सिनर्जी इंटरैक्ट क्लब का गठन विद्यार्थियों को नेतृत्व कौशल, सामुदायिक भावना तथा रोटरी के आदर्श वाक्य—“स्वयं से पहले सेवा (Service Above Self)”—को जीवन में आत्मसात करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी विशिष्ट अतिथियों का ग्रीन गोल्ड पौधों एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समन्वयक सुश्री प्रतिभा भगवानी ने सिनर्जी इंटरैक्ट क्लब की स्थापना एवं उसके उद्देश्यों पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। उन्होंने क्लब की कार्ययोजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह विद्यार्थियों को उत्तरदायी, संवेदनशील एवं दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बनने के लिए अनेक अवसर प्रदान करेगा।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विद्यालय प्रार्थना गीत ने कार्यक्रम में मधुरता एवं गरिमा का समावेश किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सिनर्जी इंटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों का रोटरी के सम्मानित पदाधिकारियों द्वारा विधिवत पदस्थापन रहा। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने गर्वपूर्वक अपना बैज ग्रहण किया और नेतृत्व, सत्यनिष्ठा, सौहार्द एवं निःस्वार्थ सेवा के मूल्यों का पालन करने की शपथ ली।
रोटेरियन इंजी. पी. सी. सांघी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। वहीं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुश्री मीता माथुर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के अंत में सिनर्जी इंटरैक्ट क्लब के नव-स्थापित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज सेवा, जनकल्याण एवं सहयोगात्मक परियोजनाओं के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने के अपने संकल्प को दोहराया। समारोह ने विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व एवं सेवा के नए अवसरों की शुरुआत का संदेश दिया।