उदयपुरवाटी के ग्राम खौह स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति खंडित करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी मुंबई फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय आसूचना की सहायता से उसे जयपुर बस स्टैंड सीधी कैंप से डिटेन कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

मामले को लेकर 17 अक्टूबर को खौह निवासी पोकर पुत्र श्योकरण ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी। परिवादी ने बताया कि 16 अक्टूबर की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को खंडित कर उसका सिर तोड़कर अपने साथ ले गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राणावत और वृत्ताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। थानाधिकारी रामपाल मीणा पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुनेश कुमार पुत्र विरेन्द्र कुमार निवासी झांकड़ा की ढाणी गुहाला, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर को जयपुर बस स्टैंड सीधी कैंप से डिटेन कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मुंबई फरार हो गया था। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। इस कार्रवाई के साथ ही ग्राम खौह के अंबेडकर पार्क में बाबा साहब की मूर्ति खंडित करने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।

Tags: