राजस्थान के एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को रियायती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के तहत पंचायती राज विभाग ने एक्सप्रेसवे पर स्थित रेस्ट एरिया में श्री अन्नपूर्णा रसोइयां (ग्रामीण) खोलने की संभावना पर विचार करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) के क्षेत्रीय अधिकारी को पत्र लिखा है। इस पहल का उद्देश्य वाहन चालकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है।

जयपुर, 21 अक्टूबर, 2026। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को आवश्यक सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर दिशा-निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पंचायती राज विभाग ने एक्सप्रेसवे पर स्थित रेस्ट एरिया में श्री अन्नपूर्णा रसोइयां (ग्रामीण) शुरू करने की संभावना का परीक्षण करने के संबंध में एन.एच.ए.आई. के क्षेत्रीय अधिकारी को पत्र लिखा है।

पत्र के माध्यम से प्रस्तावित रसोइयों की स्थापना की संभावना पर विचार करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। एन.एच.ए.आई. इस संबंध में परीक्षण करने के बाद प्रस्ताव पंचायती राज विभाग को भिजवाएगा। इसके बाद प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय होगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 6-ई आधारित कार्ययोजना तैयार कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत एजुकेशन, इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, इमरजेंसी केयर, इवेल्यूएशन और एन्गेजमेंट आधारित रणनीति पर निरंतर काम किया जा रहा है।

एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में श्री अन्नपूर्णा रसोइयां (ग्रामीण) खोलने की प्रस्तावित पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। फिलहाल एन.एच.ए.आई. की ओर से संभावना का परीक्षण कर प्रस्ताव पंचायती राज विभाग को भेजा जाना है।


Tags: