तस्वीर में जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक के दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और अन्य नेता नजर आ रहे हैं।

जयपुर, 4 सितंबर 2026। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को निकाय चुनावों को लेकर विभिन्न संगठनात्मक बैठकें आयोजित हुईं। इन बैठकों में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मार्गदर्शन दिया और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया।

संगठनात्मक बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री एवं निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश प्रभारी डॉ राधामोहन दास अग्रवाल, सह प्रभारी गजेंद्र पटेल, रोहन गुप्ता, संगीता यादव और संगठन महामंत्री अजेय कुमार भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामाजिक सरोकार रखने वाली और राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ काम करने वाला राजनीतिक दल है। इसलिए इसका अपने आप में वैशिष्ठय है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में सरकार के काम को जनता तक ले जाना और जनता का आशीर्वाद प्राप्त हो, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को प्राण प्रण से जुटना चाहिए।

बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं से अपने विचार के प्रति स्पष्टता रखने और प्रतिपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे प्रौपेगेंडा का समुचित जवाब देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम करने का अपना तरीका है। पूर्व योजना और पूर्ण योजना के साथ हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता की पद्धति से सभी की सहभागिता रखते हुए पार्टी अपने कार्य को अंजाम देती है।

उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा की डबल इंजन सरकारों के कार्य हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष की विफलताएं और उनकी आपसी फूट सामने है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हर कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका का सही रूप से निर्वहन करे और अपनी जिम्मेदारी को समझे, ताकि राजस्थान के शहरों को ट्रिपल इंजन सरकार मिल सके और वे विकास में भागीदार बन सकें।

बैठक के दौरान बीएल संतोष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव के बारे में फीडबैक लिया और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारीगण के साथ भाजपा मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी के प्रभारी भी उपस्थित रहे।

Tags: