जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में एसबीआई और एसएमएस अस्पताल के अधिकारी सांकेतिक चेक के साथ खड़े हैं।

जयपुर, 8 अक्टूबर 2026। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत सवाई मानसिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर को ₹91.76 लाख की लागत से अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन प्रदान की है। आधुनिक जांच सुविधा से मरीजों की त्वरित और सटीक जांच एवं निदान में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर एसबीआई के महाप्रबंधक श्री रजनीश कुमार ने अत्याधुनिक मशीन एसएमएस अस्पताल के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी को औपचारिक रूप से प्रदान की। कार्यक्रम में एसबीआई की ओर से उप महाप्रबंधक श्री प्रणय प्रशांत एवं सहायक महाप्रबंधक श्री आदित्यनार गुप्ता तथा अस्पताल की ओर से श्री दीपक माहेश्वरी, श्री अमित कोठारी, श्री अमित अनु भंडारी, श्री जितेंद्र सिंह शेखावत व श्री गणेश शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल राजस्थान का प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान है। यहां राजस्थान सहित आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। नई अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन से मरीजों की जांच और निदान की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से स्तन कैंसर, लीवर संबंधी रोगों तथा मस्क्युलोस्केलेटल बीमारियों के निदान में यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।

इस अवसर पर एसबीआई के महाप्रबंधक श्री रजनीश कुमार ने कहा कि बैंक अपने सीएसआर प्रयासों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं समाज के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराना समाज के प्रति एसबीआई की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

डॉ. दीपक माहेश्वरी ने एसबीआई के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्याधुनिक मशीन मरीजों को बेहतर चिकित्सा जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

एसबीआई और एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बीच लंबे समय से सुदृढ़ संस्थागत संबंध हैं। इस सीएसआर पहल के माध्यम से एसबीआई ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में अपना योगदान देते हुए “जनसेवा के साथ बैंकिंग” की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

Tags: