राजस्थान पुलिस का प्रदेशव्यापी अभियान, 17 हजार ठिकानों पर दबिश, 7744 गिरफ्तार
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए गए विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान में 2961 टीमों के 12151 पुलिसकर्मियों ने राज्यभर में कार्रवाई की।
जयपुर, 7 अक्टूबर। राजस्थान पुलिस ने वांछित अपराधियों, असामाजिक तत्वों और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बने समाजकंटकों के खिलाफ प्रदेशव्यापी एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर एक ही दिन में 17,049 चिह्नित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार चलाए गए इस विशेष अभियान में 2,961 टीमों के 12,151 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कार्रवाई की। पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 7,744 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया।
प्रदेशव्यापी अभियान में संगठित अपराध, मादक पदार्थ तस्करी, जघन्य अपराधों और आदतन अपराधियों पर विशेष शिकंजा कसा गया। कार्रवाई के दौरान 55 ईनामी अपराधियों तथा 354 हार्डकोर अपराधियों, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर्स और मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित 95 अपराधियों को दबोचा गया। आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमों में 141 तथा आबकारी अधिनियम के तहत 173 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कोर्ट से भगोड़े और स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी तथा 335 बीएनएसएस के तहत 922 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। फायरिंग और फायर आर्म्स प्रकरणों में चालान किए गए 164 सक्रिय अपराधियों को भी पकड़ा गया। अभियान के दौरान 787 कुल नए प्रकरण दर्ज किए गए। सामान्य मुकदमों में 677 वांछितों को गिरफ्तार किया गया। 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में 3,283 व्यक्तियों तथा अन्य मामलों में 1,756 व्यक्तियों सहित कुल 7,744 समग्र गिरफ्तारियां की गईं।
जिलेवार कार्रवाई में टोंक जिले में 97 टीमों ने 363 स्थानों पर दबिश देकर सर्वाधिक 407 अपराधियों को गिरफ्तार किया। भीलवाड़ा में 133 टीमों ने 305 ठिकानों पर कार्रवाई कर 330 आरोपियों को पकड़ा, जबकि अजमेर में 122 टीमों ने 598 ठिकानों पर दबिश देकर 280 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
उदयपुर जिले में 115 टीमों ने 932 ठिकानों पर दबिश देकर 354 गिरफ्तारियां कीं। झालावाड़ में 194 गिरफ्तारियां हुईं, जिनमें सर्वाधिक 70 हार्डकोर और हिस्ट्रीशीटर पकड़े गए। चित्तौड़गढ़ में 89 टीमों ने कार्रवाई करते हुए 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया। धौलपुर में 246, बीकानेर में 204, डीग में 291, हनुमानगढ़ में 241, चूरू में 233, पाली में 226 और अलवर में 207 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
राजधानी जयपुर में भी पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। जयपुर वेस्ट की 51 टीमों ने 332 ठिकानों पर दबिश देकर 27 हार्डकोर और 30 स्थायी वारंटियों सहित सर्वाधिक 215 अपराधियों को गिरफ्तार किया। जयपुर नॉर्थ की 41 टीमों ने 196 ठिकानों पर कार्रवाई कर 178, जयपुर ईस्ट की 60 टीमों ने 354 स्थानों पर दबिश देकर 173 तथा जयपुर साउथ की 48 टीमों ने 299 ठिकानों पर दबिश देकर 142 अपराधियों को गिरफ्तार किया। जयपुर ग्रामीण की 61 टीमों ने 430 स्थानों पर कार्रवाई कर 101 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
जोधपुर संभागीय क्षेत्र में भी अभियान के दौरान व्यापक कार्रवाई हुई। जोधपुर ईस्ट की 48 टीमों ने 426 ठिकानों पर सघन चेकिंग करते हुए 10 हार्डकोर और 58 स्थायी वारंटियों सहित 178 अपराधियों को गिरफ्तार किया। जोधपुर वेस्ट में 40 आरोपियों को पकड़ा गया। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने 216 ठिकानों पर दबिश देकर 11 ईनामी बदमाशों और 23 स्थायी वारंटियों सहित 67 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रेलवे सुरक्षा के तहत जीआरपी अजमेर ने 18 तथा जीआरपी जोधपुर ने 40 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त माहौल कायम करने के उद्देश्य से विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया है। आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर का संदेश देने के लिए इस प्रकार की बड़ी पुलिस दबिशें आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगी। प्रदेशभर में एक ही दिन हुई इस व्यापक कार्रवाई से पुलिस ने वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अपनी कार्रवाई की व्यापकता स्पष्ट की है।