जयपुर में 'सेवा ज्योति यात्रा' बैनर के सामने भाषण देते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर जयपुर के मानसरोवर स्थित मेला ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए। मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े और उनका संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा सेवा, समर्पण और सुशासन को समर्पित रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया और स्वयं भी यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने मानसरोवर के सिटी पार्क स्थित अटल काव्य स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद धनश्याम तिवाड़ी, विधायकगण, पार्टी प्रदेश महामंत्री, जयपुर नगर निगम महापौर व उप महापौर सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर लोक कलाकार गुलाबो सपेरा, पूर्व सैनिक तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं, सभी जिलों से स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी एवं जनसमूह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में सहभागी बने।

जयपुर के मानसरोवर में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन से जुड़ा रहा, वहीं सेवा ज्योति यात्रा, अटल काव्य स्मारक पर पुष्पांजलि और विकसित भारत निर्माण की शपथ के जरिए कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

Tags: