तस्वीर में बाएं से दाएं खड़े पुलिसकर्मी और बीच में बैठे हुए गिरफ्तार अपराधी संदीप राज शर्मा नजर आ रहे हैं।

एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी संदीप राज शर्मा को जयपुर से गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ‘ऑपरेशन कलर फोटो’ चलाया और संभावित ठिकाने पर निगरानी के बाद उसे दबोच लिया।

श्री कुमार ने बताया कि संदीप राज पर जून 2025 में जयपुर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप है। पुलिस एक वांछित आरोपी की तलाश में नंदन विहार कॉलोनी स्थित किराये के मकान पर पहुंची थी। वहां मौजूद संदीप शर्मा ने कथित रूप से देशी कट्टा जैसा हथियार लहराकर पुलिसकर्मियों पर फायर किया। गोली एक पुलिसकर्मी के हाथ को छूकर निकल गई। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गया।

इस मामले में थाना रामनगरिया, जयपुर पूर्व में फायरिंग एवं आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। फरारी के दौरान संदीप राज छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, जयपुर और दौसा में लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि संदीप राज अपने एनडीपीएस मामलों में वांछित तस्कर दोस्तों के साथ जयपुर में मिलने और नशे की पार्टी करने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने संभावित स्थान पर निगरानी रखी। आरोपी के वहां पहुंचते ही एएनटीएफ टीम ने दबिश देकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की भनक लगने के कारण आरोपी के अन्य वांछित साथी मौके पर नहीं पहुंचे। करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी संदीप राज शर्मा की गिरफ्तारी को एएनटीएफ की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा गया है।

Tags: