रक्षाबंधन पर राजस्थान पुलिस का ‘रक्षा संकल्प’, नागौर-टोंक में बड़ी कार्रवाई
रक्षाबंधन पर राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नागौर में अवैध हथियार और टोंक में करीब 2 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा।
रक्षाबंधन के अवसर पर राजस्थान पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए नागौर और टोंक में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। DGP श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस का अभियान जारी है।
नागौर में SP आशाराम चौधरी के नेतृत्व में अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। खाटूबड़ी थाना और DST टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 अवैध पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने हथियार सप्लायर ओमप्रकाश देहड़ू सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ।
इसी क्रम में टोंक में SP रोशन मीणा के नेतृत्व में करीब 2 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का पर्दाफाश किया गया। DST और थाना दत्तवास की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि फर्जी सिम, बैंक खातों और सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए ठगी की जा रही थी। जांच के दौरान 399 सिम कार्ड के इस्तेमाल का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ 81 शिकायतें सामने आई हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ठगी की राशि में से 37,210 रुपये भी बरामद किए। साइबर ठगों के कब्जे से 12 मोबाइल, लैपटॉप, 4 ATM कार्ड सहित वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नागौर और टोंक में हुई ये दोनों कार्रवाई राजस्थान पुलिस के ‘रक्षा संकल्प’ अभियान के तहत अपराधियों पर शिकंजे और आमजन की सुरक्षा के प्रयासों को रेखांकित करती हैं। रक्षाबंधन पर राजस्थान पुलिस ने बहनों और परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए अपराध के खिलाफ ‘रक्षा संकल्प’ लगातार जारी रखने का संदेश दिया है।