रक्षाबंधन पर यात्रियों को राहत, जयपुर-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी
रक्षाबंधन पर जयपुर-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ी, 28 और 29 अगस्त को यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा।
रक्षाबंधन के अवसर पर अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि में विस्तार किया है। इसके तहत जयपुर-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 28 अगस्त 2026 को संचालित होगी, जबकि रेवाड़ी-जयपुर अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 28 और 29 अगस्त 2026 को चलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09719 जयपुर-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 28 अगस्त 2026 को एक ट्रिप के लिए जयपुर से 16.30 बजे रवाना होकर 22.00 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09720 रेवाड़ी-जयपुर अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 28 अगस्त 2026 एवं 29 अगस्त 2026 को रेवाड़ी से 05.00 बजे रवाना होकर 09.05 बजे जयपुर पहुंचेगी।
यह रेलसेवा मार्ग में गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, मालाखेड़ा, अलवर, खैरथल और बावल स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलसेवा में 09 साधारण श्रेणी और 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 11 डिब्बे होंगे। रेलवे के अनुसार, इस रेलसेवा का मार्ग में स्टेशनों पर ठहराव और संचालन समय यथावत रहेगा। रक्षाबंधन के दौरान अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए अवधि विस्तार से इन निर्धारित स्टेशनों के यात्रियों को विशेष रेलसेवा का लाभ मिलेगा।