जयपुर: भजनलाल शर्मा और मदन राठौड़ ने सेवा ज्योति यात्रा का किया शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर जयपुर में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया।
जयपुर में मदन राठौड़ और पद्मश्री गुलाबो के साथ मशाल थामे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।
जयपुर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा के कार्यक्रम में सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संकल्प गूंजा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके सेवा और सुशासन के कार्यकाल को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होना देश और भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने सेवा की जो यात्रा शुरू की थी, वह आज 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा बन चुकी है।
राठौड़ ने कहा कि नरेंद्र मोदी बचपन से ही मेधावी, सेवाभावी, दृढ़ इच्छाशक्ति वाले और राष्ट्रभक्त रहे हैं। राष्ट्रभक्ति की भावना उनके जीवन में सदैव प्रबल रही। उन्होंने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प और समर्पण का परिचय दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए। एकात्म मानववाद के ध्येय को ध्यान में रखते हुए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया गया। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने गुजरात मॉडल को विकसित किया।
राठौड़ ने कहा कि देश के प्रधानसेवक के रूप में मोदी ने आमजन के जीवन को बेहतर बनाने के लिए आवास, पानी, बिजली, चिकित्सा और खाद्य सुरक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी व्यापक प्रयास किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के 36 से अधिक देशों ने सम्मानित किया है। उनके जन्मदिवस 17 सितंबर को देशभर में लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। राजस्थान में भी 40 लाख से अधिक दीप जलाकर प्रदेशवासियों ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। राठौड़ ने इसके लिए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गौरवशाली सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष आज ही के दिन वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी इस गौरवशाली यात्रा के लिए प्रदेश की जनता की ओर से शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा के माध्यम से वह राजस्थान की 8 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामना देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष हैं। वर्ष 2014 के बाद देश में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। राष्ट्र प्रथम, कठिन परिश्रम और अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति की परिभाषा बदल दी। उन्होंने सत्ता को साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी का नाम संकल्प से सिद्धि का पर्याय बन गया है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण सहित राष्ट्रहित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लिए गए हैं। सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में जल प्रबंधन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, किशाऊ और नर्मदा जैसी परियोजनाएं राजस्थान के लिए बड़ी सौगात हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश के 17 जिलों में करीब 4 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन और ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ जैसे अभियानों के माध्यम से भी व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं। जयपुर में रिंग रोड, जयपुर मेट्रो फेज-2 तथा अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश के हवाई अड्डों को भी आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सौर ऊर्जा योजना और पीएम-कुसुम योजना के माध्यम से प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है और राजस्थान देश में अग्रणी राज्य बन रहा है। माही परमाणु ऊर्जा परियोजना को भी गति दी गई है।
उन्होंने बताया कि बालोतरा में करीब 80 हजार करोड़ रुपए की लागत से रिफाइनरी परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा दे रही है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश में 29 करोड़ पौधे लगाने का कार्य किया गया है और इस क्षेत्र में राजस्थान देश में अग्रणी रहा है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ओडीएफ प्लस गांव, उज्ज्वला योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के करोड़ों लोगों तक पहुंच रहा है। राजस्थान में 20 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनने का अवसर मिला है। सेमीकंडक्टर मिशन के तहत राजस्थान में सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा और विकास की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में मंच संचालन सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक कैलाश मेघवाल ने किया। कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ मशाल जलाकर किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मशाल जलाई और पैदल यात्रा की। इस दौरान पद्मश्री गुलाबो, पूर्व सैन्य अधिकारी, लोक कलाकार सहित बड़ी संख्या में आमजन पैदल यात्रा में शामिल हुए।
सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव वर्चुअल उद्बोधन भी सुनाया गया। इस दौरान भाजपा सांसद घनश्याम तिवाडी, महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, जयपुर मेयर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इस तरह जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के जरिए सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।