मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से मिले 600 से अधिक पेंशनर प्रतिनिधि, लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा
राजस्थान पेंशनर समाज के 600 से अधिक प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से संवाद किया। प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर ने 6 लाख पेंशनरों की लंबित मांगें रखीं, मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरा करने का भरोसा दिया।
तस्वीर में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पेंशनर समाज के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा और अतिथियों को ज्ञापन और मांग पत्र सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
राजस्थान पेंशनर समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री शंकर सिंह मनोहर के प्रस्ताव पर 18 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान के विभिन्न संभागों और जिलों से आए राजस्थान पेंशनर समाज के 600 से अधिक प्रमुख पेंशनर प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने संवाद किया। कार्यक्रम में पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
मुख्यमंत्री के साथ आयोजित इस संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन राठौड ने की। विधायक डाॅ. गोपाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मुकेश दाधीच विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
राजस्थान पेंशनर समाज के प्रदेश महामंत्री श्री किशन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में पेंशनर समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा और अतिथियों का माल्यार्पण कर तथा राजस्थानी साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थान पेंशनर समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री शंकर सिंह मनोहर के संबोधन से हुई।
श्री शंकर सिंह मनोहर ने अपने जोशीले और भावपूर्ण उद्बोधन में मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा द्वारा अब तक अपने कार्यकाल में पेंशनरों के हित में की गई घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने पेंशनरों से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बकाया मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि राज्य के 6 लाख पेंशनर इन मांगों के शीघ्र पूरा होने की आशा लगाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने पेंशनरों से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे सभी पेंशनरों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में पेंशनरों के हित में कई नई सुविधाएं प्रदान की गई हैं और पेंशनर समाज की ओर से प्रस्तुत मांगों को भी पूरा करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने पेंशनरों से राष्ट्र और राजस्थान के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेंशनर अपने अनुभव का लाभ देश, राज्य और समाज को दें। साथ ही उन्होंने पेंशनरों से नई पीढ़ी को संस्कार देने और उसका मार्गदर्शन करने की अपील की।
मुख्यमंत्री निवास पर हुआ यह संवाद कार्यक्रम राजस्थान पेंशनर समाज के 600 से अधिक प्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश के 6 लाख पेंशनरों से जुड़ी महत्वपूर्ण बकाया मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।