बीकानेर पुलिस ने संगठित अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे की तस्करी से अर्जित 1 करोड़ 41 लाख 85 हजार रुपये की अवैध संपत्तियां फ्रीज करवाई हैं। पुलिस राजस्थान के श्री राजीव शर्मा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत चार आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों को चिन्हित किया गया। इनमें रिहायशी मकान, आवासीय भूखंड, निर्माणाधीन मकान, दुकान और वाहन शामिल हैं।

जयपुर, 20 अगस्त। सक्षम प्राधिकारी से आदेश प्राप्त करने के बाद बीकानेर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऐसे अभ्यस्त अपराधियों की पहचान की गई, जिन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से संपत्तियां बनाई थीं।

पुलिस थाना सदर क्षेत्र में मेहरूनिशां पत्नी मुराद अली की दो संपत्तियों को फ्रीज किया गया। इनमें भुट्टो का बास, बीकानेर स्थित रिहायशी मकान की बाजार कीमत 36 लाख रुपये तथा चुना भट्ठा के पास राजीव नगर स्थित आवासीय भूखंड की कीमत 64 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों संपत्तियों की कुल कीमत एक करोड़ रुपये है।

मेहरूनिशां का पति मुराद अली थाना स्तर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध 17 अभियोग दर्ज हैं। उसके पुत्र तालीबान उर्फ तालीमान के विरुद्ध 10 तथा लादेन के विरुद्ध पांच अभियोग दर्ज हैं। दोनों की हिस्ट्रीशीटर पत्रावलियां भी खोली जा रही हैं।

पुलिस थाना रणजीतपुरा क्षेत्र में पूनमचंद बिश्नोई पुत्र जयसुखराम उर्फ जस्सराम की संपत्तियों को भी फ्रीज किया गया। इनमें महिंद्रा बोलेरो कैंपर, इलेक्ट्रिक स्कूटर तथा चक 10 आरडीवाई स्थित रिहायशी मकान शामिल हैं। इन संपत्तियों की कुल बाजार कीमत 4.85 लाख रुपये आंकी गई है।

इसी प्रकार उसके सगे भाई प्रेमसुख बिश्नोई उर्फ सोनी का चक 10 आरडीवाई स्थित निर्माणाधीन मकान और चक 14 आरडीवाई स्थित दुकान भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। इन संपत्तियों की कुल कीमत 37 लाख रुपये आंकी गई है। पूनमचंद और प्रेमसुख दोनों सगे भाइयों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो-दो प्रकरण दर्ज हैं।

एसपी कच्छावा ने बताया कि “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत जिले में ऐसे अन्य अभ्यस्त मादक पदार्थ तस्करों की भी पहचान की जा चुकी है, जिन्होंने तस्करी से अर्जित आय से संपत्तियां बनाई हैं। इन संपत्तियों और तस्करी से अर्जित आय का रिकॉर्ड जुटाने की कार्रवाई जारी है। चिन्हित संपत्तियों को भी शीघ्र एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज करवाया जाएगा।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि संगठित अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के संबंध में उपलब्ध जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

Tags: