डिग्गी कल्याण पदयात्रा में कांस्टेबल ने बावड़ी में कूदकर 18 वर्षीय श्रद्धालु की जान बचाई
डिग्गी कल्याण पदयात्रा में 18 वर्षीय पदयात्री बावड़ी में गिर गया। कांस्टेबल मुकेश कुमार ने बिना समय गंवाए छलांग लगाकर उसकी जान बचाई।
तस्वीर में जयपुर ग्रामीण पुलिस के कांस्टेबल मुकेश कुमार पुलिस की वर्दी और खाकी टोपी पहने खड़े हैं।
डिग्गी कल्याण जी की 61वीं पदयात्रा के दौरान जयपुर ग्रामीण पुलिस के कांस्टेबल मुकेश कुमार (नंबर 2361) ने साहस और तत्परता दिखाते हुए बावड़ी में गिरे 18 वर्षीय पदयात्री की जान बचा ली। युवक को गहरे पानी में गिरता देख कांस्टेबल ने बिना समय गंवाए बावड़ी में छलांग लगाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि 20 अगस्त को पदयात्री दिव्यांश (18) बावड़ी में नहाते समय अचानक गहरे पानी में गिर गया। मौके पर मौजूद कांस्टेबल मुकेश कुमार ने स्थिति को देखते ही तत्काल कार्रवाई की और अपनी वर्दी की परवाह किए बिना बावड़ी में छलांग लगाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कांस्टेबल मुकेश कुमार की त्वरित कार्रवाई के बाद पदयात्री के परिजनों और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उनके साहस की सराहना की। मुकेश कुमार का यह साहसिक कार्य राजस्थान पुलिस की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण बना।